देश

Mehbooba Mufti Notice: 'महबूबा मुफ्ती खाली करें सरकारी बंगला' 24 घंटे की मोहलत, नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Nov 28, 2022, 04:20 PM IST
KEY HIGHLIGHTS
महबूबा मुफ्ती को 24 घंटे के भीतर सरकारी आवास खाली करने का नोटिस
अल्ताफ शाह और अब्दुल कबीर पठान, पूर्व पार्षद बशीर शाह और चौधरी निजामुद्दीन को भी नोटिस जारी
24 घंटे के भीतर परिसर खाली नहीं करने पर कानून के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी

Jammu Kahsmir News: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में प्राधिकारों ने रविवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती और सात पूर्व विधायकों को 24 घंटे के भीतर सरकारी आवास (Mehbooba Mufti Bungalow) खाली करने के लिए कहा। मुफ्ती को पिछले महीने यहां शहर के उच्च सुरक्षा वाले गुपकर इलाके में उनके 'फेयरव्यू' आवास को भी खाली करने का नोटिस दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग के उपायुक्त के आदेश पर एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट द्वारा रविवार को दक्षिण कश्मीर जिले के खानबल में आवासीय कॉलोनी में स्थित सरकारी आवास के लिए मुफ्ती तथा अन्य को आदेश जारी किया गया।

24 घंटे के भीतर परिसर खाली नहीं करने पर कानून के तहत कार्रवाई

उन्होंने बताया कि मुफ्ती के अलावा पूर्व विधायक मोहम्मद अल्ताफ वानी, अब्दुल रहीम राठेर, अब्दुल मजीद भट, अल्ताफ शाह और अब्दुल कबीर पठान, पूर्व पार्षद बशीर शाह और चौधरी निजामुद्दीन को नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन नोटिस में सरकारी क्वार्टर में रहने वाले नेताओं को 24 घंटे के भीतर परिसर खाली नहीं करने पर कानून के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी है।

'भाजपा के लिए जगह नहीं छोड़ने का आह्वान'

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को युवाओं से जम्मू कश्मीर में आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों में हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि यह अपने अधिकारों के वास्ते संघर्ष करने का उनका हथियार है और उन्हें बीजेपी के लिए कोई जगह नहीं छोड़नी चाहिए।

मुफ्ती ने पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा, 'यह भाजपा का भारत नहीं है, लिख लीजिए, हम इसे भाजपा का भारत नहीं बनने देंगे' जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र को 'पाकिस्तान के छापामारों की भांति बर्ताव नहीं करने की चेतावनी दी, जो 1947 में घाटी में आये थे' लेकिन कश्मीरियों ने उन्हें भागने के लिए मजबूर कर दिया था।मुफ्ती ने कहा, 'भारत भाजपा नहीं है। जिस भारत में हम शामिल हुए थे, वह जवाहरलाल नेहरू का भारत, (एम के) गांधी जी का भारत, मौलाना अबुल कलाम आजाद का भारत है, यह राहुल गांधी का भारत है जो हिंदू-मुस्लिम एकता के लिए देश का दौरा कर रहे हैं, यह तुषार गांधी का भारत है।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article