देश

चंपत राय और अनिल मिश्रा आरोपी क्यों नहीं? राम मंदिर दान चोरी जांच पर भड़की कांग्रेस, जयराम रमेश ने पूछे पांच सवाल

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मोदी सरकार और पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि मामले को रफा-दफा करने की जल्दबाजी की जा रही है।

Image

राम मंदिर दान चोरी मामला

Photo : ANI

अयोध्या स्थित भव्य राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान की चोरी का मामला अब एक बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश पुलिस की जांच प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि एसआईटी (SIT) की जांच का मुख्य मकसद केवल छोटे-मोटे चोरों को पकड़ना रहा, जबकि उन बड़े चेहरों को बचाने की कोशिश की जा रही है जिनकी देखरेख में यह सब हुआ।

जयराम रमेश का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में 105 बार चोरी की घटनाएं कैद हुईं, लेकिन पुलिस ने जांच को इतनी जल्दबाजी में बंद क्यों कर दिया? उन्होंने सवाल उठाया कि जब चोरी का वीडियो 4 जून को ही ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के पास पहुंच गया था और 5 जून को सीसीटीवी देखा जा चुका था, तो एफआईआर दर्ज कराने में 25 जून तक यानी पूरे 21 दिनों का समय क्यों लगा? इस 21 दिन की देरी के पीछे का सच देश के सामने आना चाहिए।

चंपत राय और अनिल मिश्रा को सिर्फ क्यों बनाया गया गवाह?

कांग्रेस नेता ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि इतनी बड़ी तादाद में हुई चोरी बिना किसी बड़े संरक्षण के संभव नहीं हो सकती। इसके बावजूद, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारियों- चंपत राय और अनिल मिश्रा को इस मामले में आरोपी बनाने के बजाय केवल गवाह क्यों बनाया गया है?

105 बार हुई चोरी में कुल कितनी राशि?

पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और करीब 79.85 लाख रुपये बरामद हुए हैं। लेकिन जयराम रमेश का सवाल है कि 105 बार हुई चोरी में कुल कितनी राशि चुराई गई, इसका सही आंकड़ा अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?

कांग्रेस ने शुरू से ही इस संवेदनशील और आस्था से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है। जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विपक्ष पर तो जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था के साथ हुए इस खिलवाड़ पर जवाब देने से बच रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article