देश

Indigo पर DGCA ने कसी नकेल! तुर्किये से लीज पर लिए विमान इस दिन के बाद नहीं भरेंगे उड़ान

Indigo Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का फ्लाइट ऑपरेशन हाल ही में सामान्य हुआ है और डीजीसीए उस पर अपनी पैनी निगाह बनाए हुए हैं। इस बीच, डीजीसीए ने इंडिगो को साफ कर दिया कि तुर्किए से लीज पर लिए गए विमान एक तय समयसीमा तक ही उड़ान भर सकेंगे और इस बार एयरलाइन को कोई एक्सटेंशन नहीं मिलेगा।

Image

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (फाइल फोटो)

Indigo Crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का फ्लाइट ऑपरेशन अब सामान्य हो गया है, लेकिन बीते दिनों मचे हड़कंप के बाद से विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइन पर अपनी पैनी निगाह बनाई हुई है और एयरलाइन को कोई भी रियायत देने के मूड में नजर नहीं आ रही है।

डीजीसीए के हालिया निर्णय के मुताबिक, इंडिगो तुर्किये से लीज पर लिए गए विमानों को मार्च 2026 के बाद नहीं उड़ा सकेगा। डीजीसीए ने साफ किया कि इंडिगो को तुर्किए से लीज पर लिए गए पांच नैरो-बॉडी बोइंग 737 विमानों का संचालन महज मार्च 2026 तक ही करने की अनुमति दी गई है और इसके बाद कोई और विस्तार नहीं मिलेगा।

DGCA ने क्या कुछ कहा?

डीजीसीए ने सोमवार को तुर्किए से लीज पर लिए गए विमानों की अवधि को लेकर चल रही अटकलों पर स्थिति साफ की। एक वरिष्ठ डीजीसीए अधिकारी ने बताया कि इंडिगो को तुर्किए से वेट लीज़ पर लिए गए विमानों के संचालन की अनुमति मार्च 2026 तक दी गई है। यह आखिरी विस्तार है और इसके आगे कोई एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यह फैसला इंडिगो द्वारा दिए गए उस आश्वासन के आधार पर लिया गया है, जिसमें एयरलाइन ने बताया है कि उसके लंबी दूरी के विमान A321-XLR की डिलीवरी फरवरी 2026 तक हो जाएगी। नियामक के मुताबिक, तुर्किए की कोरेंडन एयरलाइंस से लीज पर लिए गए 5 बोइंग 737 विमानों की अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो जाएगी।

IndiGo ने कितने विमान लीज पर लिए

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इंडिगो के पास फिलहाल वेट/डैम्प लीज आधारित कुल 15 विदेशी विमान हैं, जिसका वह संचालन कर रही है, जिनमें से सात विमान तुर्किए से लिए गए हैं। इससे पहले, अगस्त में डीजीसीए ने कुछ शर्तों के साथ इंडिगो को तुर्किश एयरलाइंस से लीज पर लिए गए दो बोइंग 777 विमानों के संचालन की अवधि फरवरी 2026 तक के लिए बढ़ाई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article