Indian Navy: भारतीय नौसेना ने अरब सागर में व्यवसायिक जहाज पर हुए हमले के बाद कार्रवाई तेज कर दी है। नौसेना ने मंगलवार को कहा कि उसने अरब सागर में व्यावसायिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर हमले समेत क्षेत्र में हाल की घटनाओं के मद्देनजर इस क्षेत्र में केंद्रित समुद्री सुरक्षा अभियान शुरू किया है। नौसेना ने यह घोषणा तब की है जब कुछ घंटे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुंबई में एक कार्यक्रम में हमलों के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का संकल्प लिया।
नौसेना का समुद्री सुरक्षा अभियान
नौसेना ने एक बयान में कहा, अरब सागर में हाल की समुद्री घटनाओं के मद्देनजर भारतीय नौसेना ने क्षेत्र में केंद्रित समुद्री सुरक्षा अभियान शुरू किया है। क्षेत्र में भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की मौजूदगी और हवाई निगरानी बढ़ा दी गयी है। शनिवार को पोरबंदर से लगभग 217 समुद्री मील की दूरी पर चालक दल के 21 भारतीय सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमला किया गया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज को सहायता प्रदान करने के लिए कई पोत तैनात किए।
भारतीय अधिकारियों और अमेरिकी सेना के अनुसार, गबोन के ध्वज वाले कच्चे तेल के वाणिज्यिक जहाज एमवी साई बाबा पर भी शनिवार को दक्षिणी लाल सागर में ड्रोन हमला किया गया था लेकिन घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। जहाज में चालक दल के सदस्यों में 25 भारतीय थे।
पेंटागन ने कहा, ईरान ने किया हमला
अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने कहा था कि शनिवार को अरब सागर में भारत के पश्चिमी तट पर एक मालवाहक जहाज पर हुआ ड्रोन हमला ईरान ने किया था। वाणिज्यिक जहाज सोमवार को मुंबई पहुंचा था। नौसेना ने कहा था ति नौसेना एक्सप्लोसिव ऑर्डनेंस डिस्पोजल (EOD) विशेषज्ञ जहाज को साफ करने और आगे की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचने पर एमवी केम प्लूटो पर सवार होंगे। वाणिज्यिक जहाज में मौजूद चालक दल में 21 भारतीय सदस्य थे।
