US China Ties: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से पूछा किया क्या वह अमेरिका से हथियार खरीदना चाहेंगे। चीन में अमेरिका के राजदूत डेविड पर्ड्यू ने रविवार को यह खुलासा किया। हालांकि, राजदूत पर्ड्यू ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ट्रंप ने जिनपिंग के सामने यह प्रस्ताव कब रखा था।
यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने वॉशिंगटन में शी जिनपिंग की मेजबानी की थी। पर्ड्यू ने यह बात फॉक्स न्यूज चैनल के कार्यक्रम 'फॉक्स न्यूज संडे' में कही।
US से हथियार खरीदना चाहेंगे जिनपिंग?
राजदूत पर्ड्यू के मुताबिक, ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति जिनपिंग को ताइवान को हथियारों की बिक्री के मुद्दे पर यह समझाने की कोशिश की कि अमेरिका दुनिया के कई देशों के साथ हथियार सौदे करता है। इसी संदर्भ में उन्होंने जिनपिंग से भी पूछा कि क्या वह अमेरिका से हथियार खरीदना चाहेंगे।
ताइवान को हथियार बेचता है अमेरिका
राजदूत पर्ड्यू ने कहा कि ट्रंप ताइवान के मुद्दे पर कमजोर रुख नहीं अपना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप ने ताइवान को काफी हथियार बेचे हैं और दोनों नेता भविष्य में ताइवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री को लेकर भी बातचीत जारी रखे हुए हैं। उन्होंने कहा, ''ट्रंप लगातार कहते हैं कि हम दुनिया के कई देशों के साथ हथियार सौदा करते हैं। उन्होंने एक समय राष्ट्रपति जिनपिंग से यह भी पूछा था कि क्या वह हथियार खरीदना चाहेंगे।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: एक-दूसरे पर आसमानी कहर बरपा रहे रूस-यूक्रेन, रिहायशी इलाकों में भी हुए हमले; 24 घंटे में 10 की मौत!
ताइवान को लेकर अमेरिका की नीति
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, अमेरिका ताइवान को अपनी रक्षा के लिए जरूरी साधन देने के लिए कानूनन बाध्य है। हालांकि, अमेरिका ताइवान को एक स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता नहीं देता है। इसके बावजूद वह ताइवान का सबसे मजबूत अनौपचारिक समर्थक और प्रमुख हथियार आपूर्तिकर्ता है।
