INDIA Bloc Delhi Protest: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सियासत गर्माने लगी है। एक तरफ जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद धरना देने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस के जवान राहुल गांधी, विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धरना देने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल- प्रियंका को बस से उतारा
दिल्ली पुलिस ने धरना देने से रोकने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को बस से नीचे उतारा। इस दौरान, राहुल गांधी और दिल्ली पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। प्रियंका गांधी ने कहा कि ये कोई तरीका है। देश देख रहा है... क्या हो रहा है!
कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
इस बीच, कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को बसों की छत पर चढ़कर प्रदर्शन करते हुए देखा गया। सामने आई तस्वीरों में कांग्रेस नेता इमरान मसूद, इमरान प्रतापगढ़ी, दीपेंद्र हुड्डा को बस की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए देखा गया। इसका एक वीडियो भी कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किया है।
देश को कांग्रेस का संदेश
कांग्रेस ने 'एक्स' पर बस में सवार राहुल गांधी की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए देशवासियों को एक अहम संदेश दिया। पार्टी ने कहा, 'भरोसा रखो.. लोकतंत्र मिटने नहीं दूंगा।' इसके अलावा, एक अन्य पोस्ट पर कांग्रेस ने जंतर-मंतर का नक्शा शेयर करते हुए देशवासियों से प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने का आह्वान किया। पार्टी ने कहा कि टारगेट सेट है- आ जाओ फ्रेंड्स...
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट', CJP ने पुलिस को सौंपा पत्र; कहा- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक नहीं हटेंगे
अशोका रोड के पास बढ़ाई गई सुरक्षा
जंतर मंतर की ओर जाने वाले अशोका रोड पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दरअसल, कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के नेता लगातार कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में धांधली का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर निकलने से पहले राहुल गांधी ने एक बात स्पष्ट कर दी कि उनके खिलाफ अबतक 45 एफआईआर दर्ज की गई हैं और मैं चाहता हूं कि मेरे ऊपर 100 एफआईआर हो जाए।
