Jantar Mantar Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट का आयोजन किया है। सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बुधवार को बताया कि दिल्ली पुलिस को 10 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर एक औपचारिक पत्र सौंपा गया है, जिसमें कहा गया है कि चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर देश के युवा इस प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
'जंतर-मंतर पर एकत्रित होंगे युवा'
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सौरभ दास ने कहा कि उन्होंने संसद मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन का दौरा किया और पुलिस को एक औपचारिक पत्र सौंपा जिसमें बताया गया कि सीजेपी और देशभर के युवा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एकत्रित होंगे।
सौरभ दास ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, ''हम संसद मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन पहुंचे और मैंने उन्हें एक औपचारिक पत्र दिया। हमने उन्हें बताया कि सीजेपी और देशभर के युवा 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एकत्रित होने वाले हैं। हमने उनसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, हमारे साथ सहयोग करने और जरूरी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। हमने उन्हें औपचारिक सूचना दे दी है।''
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने फॉर्मल नोटिफिकेशन को स्वीकार किया और उन्होंने एक अंडरटेकिंग भी जमा की है और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हमें उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस सहयोग करेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अभिनेता की बढ़ाई भी जा सकती है सजा', राजपाल यादव की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी
'विफल हो रहा चुनाव आयोग'
बकौल सौरभ दास, प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन युवाओं की उन चिंताओं पर केंद्रित है, जिन्हें उन्होंने 'वोटों की चोरी' और 'चुनावों को हाईजैक करना' बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग 'जेन जेड' को मतदाता सूची में शामिल करने में विफल हो रहा है।
'CEC के इस्तीफे तक सड़कों से नहीं हटेंगे युवा'
उन्होंने इस मुद्दे को नागरिकों से जुड़ा मामला बताया और कहा कि प्रस्तावित प्रदर्शन महज सीजेपी तक सीमित नहीं रहने वाला है। उन्होंने कहा, ''देश के युवा फिर से सड़कों पर उतर रहे हैं और इस बार वे तब तक सड़कों से नहीं हटेंगे जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते।''
