भारत ने सतलुज नदी में बुधवार को बाढ़ आने की “अधिक आशंका” के मद्देनजर पाकिस्तान को आगाह किया है। यह जानकारी विश्वसनीय सूत्रों ने मंगलवार को दी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उत्तरी राज्यों के प्रमुख बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़ना पड़ रहा है, जिससे नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
मानवीय आधार पर अलर्ट भेजा गया
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि यह अलर्ट पाकिस्तान को विदेश मंत्रालय के माध्यम से मानवीय आधार पर भेजा गया है। पिछले सप्ताह भारत ने तवी नदी में संभावित बाढ़ को लेकर तीन बार चेतावनी जारी की थी। मंगलवार को दी गई नई चेतावनी विशेष रूप से सतलुज नदी में संभावित बाढ़ की संभावना को लेकर थी।
नदियों में उफान, बाढ़ का खतरा
पंजाब में सतलुज, व्यास, रावी सहित कई छोटी-मौसमी नदियां अपने जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण उफान पर हैं। इन नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की संभावना बनी हुई है, जिससे आसपास के इलाकों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
निलंबित है सिंधु जल संधि
यह अलर्ट ऐसे समय में आया है जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान के साथ जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों के नियमित आदान-प्रदान को स्थगित कर दिया था। उस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
