Himanta Biswa Sarma : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। अमेठी की जगह रायबरेली से नामांकन दाखिल करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने उन पर निशाना साधा। राहुल पर हमला बोलने में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी देरी नहीं की। हिमंता ने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हैं। यदि वह पाकिस्तान में चुनाव लड़ें तो भाजपा उन्हें हरा नहीं पाएगी।
पाकिस्तान में हम राहुल को हरा नहीं पाएंगे-हिमंता
असम के सीएम ने कहा, 'राहुल गांधी पाकिस्तान में बहुत लोकप्रिय हैं। पाकिस्तान में चुनाव हो रहा हो और राहुल वहां की किसी सीट से यदि चुनाव लड़ें तो वह भारी अंतर से जीतेंगे। पाकिस्तान में हम राहुल गांधी को हरा नहीं पाएंगे। वह पाकिस्तान में निश्चित रूप से चुनाव जीत जाएंगे। जो पाकिस्तान चाहता है वह भारत में कैसे हो सकता है? जो पाकिस्तान चाहता है भारत में उसका उल्टा होगा।'
रायबरेली कांग्रेस की पारंपरिक सीट
रायबरेली पिछले दो दशक से राहुल की मां सोनिया गांधी का निर्वाचन क्षेत्र रहा है। नामांकन पत्र दाखिल करते समय राहुल के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा तथा उनके पति राबर्ट वाड्रा भी मौजूद थे। इससे पहले फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरने के बाद राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
रायबरेली सीट पर 20 मई को मतदान
इस दौरान ‘इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) की जिला इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद थे। रायबरेली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने भी आज ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रायबरेली सीट पर 20 मई को मतदान होना है।
यह भी पढ़ें-राहुल गांधी ने चाचा और दादी से भी नहीं लिया सबक
वायनाड से भी हारेंगे राहुल-पीएम
राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश की राय बरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के फैसले पर कटाक्ष करते हुए पीएम ने कहा कि उन्होंने (राहुल ने) वायनाड में अपनी हार भांप ली है। रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने के फैसले के संदर्भ में उन्होंने कहा, 'अमेठी सीट से हारने के बाद वायनाड (केरल) जाने वाले कांग्रेस के 'शहजादे' अब रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें (राहुल को) पता है कि इस बार वह वायनाड भी हारेंगे।''
