देश

'बहुत ही पीड़ादायक और चिंताजनक...', नौगाम थाने में हुए धमाके को लेकर सामने आया राहुल गांधी का बयान

Nowgam Blast: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए विस्फोट में कई सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु और अनेक का घायल होना बहुत ही पीड़ादायक और चिंताजनक है।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Nowgam Blast: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को श्रीनगर के नौगाम पुलिस थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट पर दुख जताया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई है और 32 अन्य लोग घायल हो गए हैं।

राहुल गांधी ने जताई चिंता

कांग्रेस नेता ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में विस्फोट पर दुख जताया। राहुल गांधी ने कहा, ''जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन में हुए विस्फोट में कई सुरक्षाकर्मियों की मृत्यु और अनेक का घायल होना बहुत ही पीड़ादायक और चिंताजनक है। सूचना है कि ये भीषण हादसा लाल किला हमले से जुड़े विस्फोटकों की जांच के दौरान हुआ। मैं शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।''

क्या है पूरा मामला?

नौगाम विस्फोट ठीक उसी समय हुआ जब 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास एक i20 कार विस्फोट में 12 लोगों की मौत हुई थी, जो देश में आतंकवाद के बढ़ते खतरे को उजागर करता है। नौगाम पुलिस थाने में शुक्रवार की रात विस्फोट उस समय हुआ जब अधिकारी 'सफेदपोश' आतंकवादी मॉड्यूल के संबंध में जारी जांच के सिलसिले में हरियाणा के फरीदाबाद से जब्त किए गए विस्फोटकों के नमूने ले रही थी। इस विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। घायलों में 27 पुलिसकर्मी, दो राजस्व अधिकारी और तीन स्थानीय नागरिक शामिल हैं।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नौगाम पुलिस थाने में हुए विस्फोट की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "यह जानकर अत्यंत दुख और निराशा हुई कि 9 कीमती जानें चली गईं और 24 लोग घायल हो गए। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों का तत्काल उपचार होना चाहिए और पीड़ितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाना चाहिए।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article