PM Modi in Srinagar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कश्मीर यात्रा पर होंगे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली कश्मीर यात्रा होगी। वह श्रीनगर में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, इसके साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे। श्रीनगर में होने वाली पीएम मोदी की इस रैली से पहले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की साजिश सामने आई है। पीएम मोदी की जनसभा से पहले कश्मीर के लोगों को धमकी भरे कॉल आ रहे हैं और उन्हें रैली में शामिल न होने की धमकी दी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई पीएम मोदी की इस रैली का बहिष्कार करने के लिए स्थानीय लोगों को धमकी भरे कॉल कर रही है। ये कॉल अलग-अलग इंटरनैशनल मोबाइल नंबर से आ रहे हैं, जिसमें फोन उठाते ही लोगों को पीएम मोदी की रैली से दूर रहने को कहा जा रहा है।
खुफिया एजेंसियों अलर्ट
इस तरह की सूचना सामने आने के बाद भारतीय खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और इन फोन कॉल्स को ट्रैस करने में जुट गई हैं। दूसरी तरफ, पीएम मोदी की जनसभा को लेकर और भी ज्यादा पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। बीजेपी की ओर से दावा किया गया है कि पीएम मोदी की रैली में दो लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे। ऐसे में स्थानीय और केंद्रीय पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं। आसपास के क्षेत्रों के साथ सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
करोड़ों की येाजनाओं का करेंगे शिलान्यास
पीएम मोदी श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में 'विकसित भारत विकसित जम्मू-कश्मीर' कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान से करीब 5000 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम 1000 नव-नियुक्त सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने का भी है। इसके अलावा वे महिलाओं, किसानों, उद्यमियों से भी संवाद करेंगे।
