देश

दिल्ली हाई कोर्ट ने ED की याचिका पर सत्येंद्र जैन को भेजा नोटिस, निचली अदालत में चल रहे ट्रायल पर रोक की मांग

ED ने कहा कि मामले में नया डेवलेपमेंट हुआ है, जब तक ED मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल नहीं कर देती है निचली अदालत में चल रही सुनवाई पर रोक लगा दी जाए।

Image

आप नेता सत्येंद्र जैन (फाइल फोटो)

Photo : PTI

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को आप नेता सत्येंद्र जैन से प्रवर्तन निदेशालय की उस याचिका पर जवाब मांगा, जिसमें उनके खिलाफ धन शोधन मामले में आरोप तय करने पर बहस स्थगित करने की अनुरोध किया गया है। न्यायमूर्ति विकास महाजन ने आप नेता की लंबित याचिका में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर आवेदन पर जैन को नोटिस जारी किया। उच्च न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई तीन मार्च को तय की है।

क्या है मामला

मुख्य याचिका में जैन ने इस आधार पर आरोपों पर बहस स्थगित करने की मांग की है कि मामले में जांच अभी पूरी नहीं हुई है और न्याय के हित में यह होगा कि आरोपों पर बहस जांच पूरी होने के बाद ही सुनी जाए। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपने आवेदन में उच्च न्यायालय से यह भी आग्रह किया कि वह विशेष अदालत को आरोप के बिंदु पर सुनवाई स्थगित करने का निर्देश दे, जब तक कि पूरक अभियोजन शिकायत (आरोप पत्र) दायर नहीं कर दी जाती।

ईडी का तर्क

ईडी के वकील ने तर्क दिया, "एक सीमित सीमा तक मैं याचिकाकर्ता (जैन) की इस बात से सहमत हूं कि जब तक हम पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल नहीं कर देते, आरोपों पर सुनवाई स्थगित कर दी जाए। याचिकाकर्ता को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, क्योंकि मुख्य याचिका में भी यही प्रार्थना की गई थी।"

सीबीआई भी कर रही है जांच

उन्होंने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी तीन जनवरी को निचली अदालत के समक्ष अनुसूचित अपराध में एक पूरक आरोपपत्र दायर किया है और आय से अधिक संपत्ति की मात्रा 1.47 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 3.95 करोड़ रुपये कर दी है। ईडी के वकील ने कहा कि सीबीआई मामले में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर पूरक आरोपपत्र दाखिल करने के लिए स्थगन जरूरी था। उच्च न्यायालय ने इससे पहले जैन की याचिका पर ईडी से जवाब मांगा था जिसमें उन्होंने आग्रह किया था कि धन शोधन मामले में आरोप तय करने पर बहस इस याचिका के लंबित रहने तक रोक दी जाए।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article