देश

अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत, भाई से मिलने जा रहा था झांसी जेल; कार के उड़ गए परखच्चे

माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed) के छोटे बेटे अबान अहमद और उनके एक साथी अहजम की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Image

अतीक अहमद के बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत

अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद (Atiq Ahmed) की सड़क हादसे में मौत हो गई है। अबान प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था। इसी दौरान झांसी में आबान की कार एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद और उनके एक साथी अहजम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

झांसी-कानपुर हाईवे पर डिवाइडर से टकराई कार

मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से एक कार में सवार होकर पांच लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर पहुंची, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और कार के परखच्चे उड़ गए।

2 की मौत 3 घायल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पूंछ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार से सभी लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उनके साथी अहजम (दोनों निवासी प्रयागराज) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार सवार मोहम्मद जैद और उमर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहे थे सभी

बता दें कि अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को सुरक्षा कारणों से प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जिला जेल में शिफ्ट किया गया था। परिजन और परिचित नियमित रूप से उससे मिलने झांसी आते-जाते रहते थे। इसी क्रम में यह समूह भी मुलाकात के लिए झांसी जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस जांच शुरू

पुलिस प्रशासन ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूंछ थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा कार की तेज रफ्तार या चालक को नींद की झपकी आने की वजह से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने का प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Manish Yadav
मनीष यादवauthor

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम की आवाज खास के कानो तक पहुंचा पाऊं उम्मीद रहती है इससे हल निकलेगा ।

और पढ़ें
End of Article