देश

सितंबर से देशभर में 'बोलती पब्लिक' अभियान चलाएगी CJP, दिपके ने घोषित किया अपना एजेंडा

बोलती पब्लिक अभियान: दिपके ने गुरुवार को कहा कि पिछले कई वर्षों से सरकार यह संदेश देती रही कि सत्ता में बैठे लोगों से कोई सवाल नहीं पूछ सकता। लेकिन युवाओं के आंदोलन ने इस धारणा को बदल दिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ एक व्यक्ति का इस्तीफा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक आंदोलन की सफलता है।

Image

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके।

Abhijeet Dipke CJP Bolti Public Campaign: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने जंतर-मंतर आंदोलन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए पार्टी के आगामी एजेंडे का ऐलान किया। दिपके ने गुरुवार को कहा कि पिछले कई वर्षों से सरकार यह संदेश देती रही कि सत्ता में बैठे लोगों से कोई सवाल नहीं पूछ सकता। लेकिन युवाओं के आंदोलन ने इस धारणा को बदल दिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सिर्फ एक व्यक्ति का इस्तीफा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक आंदोलन की सफलता और जनता के भीतर से डर खत्म होने का प्रतीक है।

आंदोलन देश के युवाओं की ऐतिहासिक जीत-दिपके

उन्होंने कहा कि 25 जुलाई का आंदोलन देश के युवाओं की ऐतिहासिक जीत थी। इस आंदोलन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि लोगों में सरकार से सवाल पूछने का साहस पैदा हुआ। कॉकरोच जनता पार्टी की विचारधारा पर बोलते हुए दिपके ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय संविधान के मूल्यों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों से प्रेरित होकर पार्टी सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए काम करेगी।

अब 'बोलती पब्लिक' नाम से राष्ट्रीय अभियान

दिपके ने बताया कि पार्टी की दो दिवसीय कोर कमेटी की बैठक में सितंबर से देशभर में 'बोलती पब्लिक' नाम से राष्ट्रीय अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस अभियान के तहत पार्टी देशभर में जाकर लोगों से उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानेगी। उनका कहना है कि आज राजनीतिक दल और सरकारें आम जनता, खासकर युवाओं से कट चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का पहला और सबसे बड़ा मुद्दा शिक्षा सुधार होगा। उनका आरोप है कि देश में शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है। निजी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों की बढ़ती फीस ने आम परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि हर नागरिक का मौलिक अधिकार माना जाना चाहिए।

न्यायपालिका, मीडिया पर भी सवाल उठाए

दिपके ने कहा कि देश में बेरोजगारी भी गंभीर समस्या बन चुकी है। डिग्रीधारी युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मजबूरी में उन्हें छोटे-मोटे काम करने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने न्यायपालिका और मीडिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि आम लोगों को अदालतों में वर्षों तक न्याय का इंतजार करना पड़ता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के मामलों का जल्दी निपटारा होता है। वहीं मीडिया पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया को सत्ता से सवाल पूछने चाहिए और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

दिपके ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी उन सभी संगठनों और लोगों का राष्ट्रीय नेटवर्क तैयार करेगी जिन्होंने जंतर-मंतर आंदोलन का समर्थन किया था। उनका दावा है कि यह अभियान देशभर में जनता की आवाज को मजबूत करने और व्यवस्था में सुधार की दिशा में काम करेगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article