देश

अतीक अहमद के कितने बेटे, कितनों की हुई मौत-कितने जीवित? 3 साल से पत्नी शाइस्ता परवीन कहां है गायब

Atiq Ahmed Family: अतीक अहमद की हत्या के बाद से उसके दो बेटे मारे जा चुके हैं। एक को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था, तो सबसे छोटे बेटे की मौत एक सड़क हादसे में हो गई।

Image

अतीक अहमद के कितने बेटे?

Atiq Ahmed Family: अतीक अहमद, जिसकी कभी उत्तर प्रदेश में तूती बोलती थी, माफिया के सबसे बड़े नामों में से एक, लेकिन 15 अप्रैल 2023 के बाद से इस माफिया परिवार का हर किरदार धीरे-धीरे करके खत्म होते जा रहा है। 15 अप्रैल 2023 को ही अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या हुई थी, इसके बाद से इस परिवार के कई सदस्य या तो मारे जा चुके हैं या जेल में हैं। पत्नी शाइस्ता परवीन उमेश पाल की हत्या के बाद से ही लापता है। अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की आज (6 अगस्त 2026) एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। अतीक के दो बेटे जेल में बंद हैं। आइए जानते हैं अतीक अहमद के कितने बेटे थे, कितने जिंदा हैं?

अतीक अहमद के कितने बेटे?

अतीक अहमद को पांच बेटे थे। जिसमें से एक पुलिस एनकाउंटर में मारा गया, एक की आज सड़क हादसे में मौत हो गई। दो बेटे जेल में बंद हैं। तीसरा अपनी बुआ के पास रह रहा है।

अतीक अहमद का सबसे बड़ा बेटा- मोहम्मद उमर

अतीक अहमद के सबसे बड़े बेटे का नाम मोहम्मद उमर है। वह वर्तमान में लखनऊ जेल में बंद है। उस पर कारोबारी मोहित जायसवाल के अपहरण और रंगदारी का मामला चल रहा है। हाल ही में उमेश पाल हत्याकांड मामले में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत चार्जशीट भी दाखिल की गई है।

अतीक अहमद का दूसरा बेटा- अली अहमद

अली अहमद, अतीक अहमद का दूसरा बेटा है। अली अहमद वर्तमान में झांसी जेल में बंद है। पहले वह प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल में था, लेकिन अक्टूबर 2025 में उसे कड़ी सुरक्षा के बीच झांसी शिफ्ट कर दिया गया था। उस पर भी जबरन वसूली, मारपीट और उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं।

अतीक अहमद का तीसरा बेटा- असद अहमद

असद अहमद, अतीक अहमद का तीसरा बेटा था। उमेश पाल हत्याकांड के मुख्य शूटरों में शामिल असद की 13 अप्रैल 2023 को यूपी एसटीएफ (STF) के साथ झांसी में हुए एक एनकाउंटर में मौत हो गई थी।

अतीक अहमद का चौथा बेटा- अहजम अहमद

अतीक अहमद का चौथा बेटा अहजम अहमद है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अहजम को नाबालिग होने के कारण कुछ समय के लिए बाल सुधार गृह (प्रोटेक्शन होम) में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में कोर्ट के आदेश पर उसे उसकी बुआ (परवीन अहमद) की कस्टडी में सौंप दिया गया। उस पर उमेश पाल हत्याकांड में आरोपियों को फेसटाइम आईडी बनाकर बातचीत में मदद करने का आरोप लगा है।

अतीक अहमद का छोटा बेटा- अबान अहमद

अबान अहमद, अतीक अहमद का पांचवां और सबसे छोटा बेटा था। 6 अगस्त 2026 को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (हाईवे) पर एक भीषण सड़क हादसे में अबान की मौत हो गई है। वह अपने साथियों के साथ कार से प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था, तभी उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। अहजम की तरह अबान को भी पहले बाल गृह में रखने के बाद उसकी बुआ को सौंपा गया था।

कहां है अतीक अहमद की पत्नी?

अतीक अहमद की हत्या से पहले प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या हुई थी। उमेश पाल की अतीक अहमद से दुश्मनी थी, उमेश पाल, उस बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड का मुख्य गवाह था, इस हत्या में अतीक अहमद और अशरफ अहमद के हाथ होने के आरोप थे। इसी के कारण उमेश पाल की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसी केस में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन का नाम, जिसके बाद से वो फरार चल रही है। शाइस्ता परवीन पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी रखा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article