क्रिकेट

25 बल्लों के संग्रहालय 'बैटोग्राफी' का सचिन तेंदुलकर ने किया उद्घाटन, पुराने पलों को किया याद

सचिन तेंदुलकर ने एमसीए शरद पवार संग्रहालय में बैटोग्राफी विभाग का उद्घाटन किया। संग्रहालय के ’बैटोग्राफी’ खंड में तेंदुलकर के करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था। इसके अलावा वह बल्ला भी यहां रखा गया है, जिससे उन्होंने 2012 में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था।

Image

सचिन ने किया बैटोग्राफी का उद्घाटन। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने सोमवार को 1989 में सियालकोट टेस्ट में खेली गई 57 रन की पारी को अपने करियर की ’निर्णायक पारी’ करार दिया। हालांकि, लोग पाकिस्तान के उस चर्चित दौरे में अब्दुल कादिर के खिलाफ लगाए गए उनके छक्कों को ही याद करते हैं। तेंदुलकर ने याद किया कि पेशावर में बारिश के कारण रद्द हुए मैच को प्रदर्शनी मैच में तब्दील कर दिया गया, जिसमें पाकिस्तान के दो लेग स्पिनरों अब्दुल कादिर और मुश्ताक अहमद के खिलाफ उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की थी। उन्होंने कहा कि दौरे में बाद में खेली गई उनकी एक पारी कहीं अधिक महत्वपूर्ण थी।

तेंदुलकर ने एमसीए शरद पवार संग्रहालय में ’बैटोग्राफी’ खंड (जिसमें उनके 25 बल्ले रखे गए हैं) के उद्घाटन के दौरान कहा, पाकिस्तान दौरे का पहला मैच अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होना था, लेकिन बारिश के कारण इसे रद्द कर दिया गया। लेकिन 25 से 30 हजार दर्शकों को बिना एक भी गेंद फेंके घर कैसे भेजा जा सकता था? इसलिए उन्होंने हमसे पूछा कि क्या हम एक प्रदर्शनी मैच खेल सकते हैं? संयोग से यह मेरी जिंदगी का पहला टी20 मैच था, हालांकि अनौपचारिक रूप से। यह भी 20 ओवर का मुकाबला था।

तेंदुलकर ने बताया, मुश्ताक मुझे गेंदबाजी कर रहे थे। मैंने दो छक्के लगाए। इसके बाद महान अब्दुल कादिर गेंदबाजी करने आए। उन्होंने कहा, ’मुझे मार के दिखाओ, बच्चे को क्यों मार रहे हो’? तेंदुलकर ने कहा कि बाद में कादिर ने उनकी रन बनाने की क्षमता की सराहना भी की थी।

उन्होंने कहा, यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल था। जब मैं घर लौटा तो मुझे अहसास हुआ कि लोगों को मेरे छक्के लगाना काफी पसंद आया था। मैंने 17 गेंदों (18 गेंदों) में 53 रन बनाए थे।

संग्रहालय के ’बैटोग्राफी’ खंड में तेंदुलकर के करियर के अलग-अलग दौर के 25 बल्ले प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें वह पहला बल्ला भी शामिल है जो उनकी बड़ी बहन सविता ने उन्हें उपहार में दिया था। इसके अलावा वह बल्ला भी यहां रखा गया है, जिससे उन्होंने 2012 में अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय शतक बनाया था।

उन्होंने बीसीसीआई मुख्यालय में लगी उस पारी की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा, ’’मेरे लिए करियर की निर्णायक पारी चौथे टेस्ट की दूसरी पारी में थी, जब भारत का स्कोर चार विकेट पर 34 रन था और मैंने 57 या 58 रन बनाए थे। यह उसी पारी की तस्वीर है। उस पारी ने हमारी श्रृंखला बचाई थी, लेकिन लोगों को सिर्फ वे चौके और छक्के याद हैं।

तेंदुलकर ने 2009-10 की एक घटना याद करते हुए बताया कि उन्होंने भारतीय स्पिनर सुनील जोशी के लिए तैयार किया गया एक बल्ला पसंद कर लिया था। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज हमेशा यह सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं कि उनके किट बैग में सबसे अच्छे बल्ले हों।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article