स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2027 के लिए सभी फ्रेंचाइजियों ने अपनी कमर कस ली है। 17 नवंबर को रिटेंशन लिस्ट जारी की जाएगी। ऐसे में संभावनाओं का दौर जारी हो गया है। रिपोर्ट्स और खबरों के मुताबिक, पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के रिटेन लिस्ट में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वहीं, एमएस धोनी के आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना नहीं है।
बीसीसीआई की गाइडलाइन्स के अनुसार, 17 नवंबर यानी मंगलवार को सभी 10 टीमों को अपनी रिटेन लिस्ट जारी करनी होगी। रिटेंशन की आखिरी तारीख पहले 15 नवंबर रखी गई थी, लेकिन भारत और न्यूजीलैंड के बीच आखिरी वनडे मैच होने की वजह से इसे दो दिन आगे बढ़ाया गया। आईपीएल 2027 का ऑक्शन दिसंबर में होगा।
16 दिसंबर को होगा मिनी ऑक्शन
आईपीएल 2027 का मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर 2026 को गोवा में आयोजित किया जाएगा। पिछले कुछ सालों से विदेशी धरती पर हो रही नीलामी के बाद यह आयोजन एक बार फिर भारत में लौट रहा है। इस बीच रिटेंशन लिस्ट जारी होने से पहले कयासों का दौर शुरू है। खबरों के मुताबिक आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) नीलामी से पहले तीन युवा खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है।
तीन युवा खिलाड़ियों को कर सकती है रिटेन
इसमें कार्तिक शर्मा, नूर अहमद और डेवाल्ड ब्रेविस शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक इन तीनों को सीएसके रिटेन कर सकती है। जबकि, प्रशांत वीर को रिलीज कर सकती है। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स पहले मार्कस स्टोइनिस और हरप्रीत बराड़ में दिलचस्पी रखती थी। हालांकि, इसको लेकर सीएसके भविष्य में क्या फैसला लेगी ये देखने वाली बात होगी।
धोनी के लिए जगह नहीं!
सीएसके से जुड़ी जो सबसे बड़ी संभावनाओं वाली खबर है वो यह कि आईपीएल 2027 में एमएस धोनी नहीं दिखाई दे सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, IPL 2027 में MS धोनी के CSK की प्लेइंग XI में शामिल होने की संभावना नहीं है। धोनी को लेकर सीएसके के फैंस में काफी क्रेज देखा गया है। अगर धोनी नहीं खेलते हैं तो सीएसके फैंस को मायूसी हाथ लग सकती है।
समय खोलेगा परतें
हालांकि, एमएस धोनी और सीएसके की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि वह खेलेंगे या नहीं। हाल ही में एक इवेंट में धोनी ने कहा कि वह फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। तब पता चलेगा कि वह खेलने लायक हैं या नहीं। साथ ही एक बार धोनी ने कहा था कि उनका आखिरी आईपीएल मैच चेपॉक में होगा। खैर, क्या हकीकत है और क्या फसाना ये तो वक्त के साथ पता ही चल जाएगा।
यह भी पढ़ें- IPL रिटेंशन से पहले एक और बड़ी ट्रेड की सुगबुगाहट
