दुनिया

बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत की ओर से शर्तें रखे जाने की खबर की खारिज

विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि ढाका को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा।

Image

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना

बांग्लादेश ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत की ओर से कुछ शर्तें रखे जाने से संबंधित खबर सोमवार को खारिज कर दी और कहा कि इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि ढाका को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि बांग्लादेश ने हसीना को सौंपने की मांग करते हुए कई बार नयी दिल्ली को पत्र लिखा है।इससे पहले बीबीसी बांग्ला की एक खबर में कहा गया था कि भारत ने हसीना के प्रत्यर्पण से पहले दो शर्तें रखी हैं, जिनमें हसीना के खिलाफ नए सिरे से मुकदमा चलाना और उन्हें मौत की सजा के खिलाफ अपील करने का मौका देना शामिल है। इस्लाम ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा, 'नहीं, बिल्कुल नहीं। इस मामले में भारत के साथ हमारी ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई।'

उनकी अनुपस्थिति में ही मौत की सजा सुनाई थी

जुलाई 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले एक विद्रोह के बाद हसीना को सत्ता से हटा दिया गया, जिससे उनके 15 साल के शासन का अंत हो गया। इसके बाद से वह नई दिल्ली में रह रही हैं। पिछले साल, बांग्लादेश की एक अदालत ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई घातक कार्रवाई के लिए उन्हें मानवता के विरुद्ध अपराधों का दोषी ठहराते हुए, उनकी अनुपस्थिति में ही मौत की सजा सुनाई थी।

मंत्री ने कहा, 'कानून मंत्रालय इस बात की जांच कर रहा है कि उन्हें वापस कैसे लाया जाए। हमारा मानना है कि प्रत्यर्पण संधि के तहत, किसी भी अन्य आरोपी की तरह, वह वापस आएंगी और यहां अपनी सजा काटेंगी। अगर भारत इस पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया देता है, तो इससे बांग्लादेश की जनता और सरकार के लिए चीजें आसान हो जाएंगी।' उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंध, हसीना की बांग्लादेश वापसी के मुद्दे से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने आगे कहा, 'दोनों देशों के बीच कुछ ऐसे मुद्दे हैं जो अभी तक सुलझे नहीं हैं, जिन्हें राजनयिक बातचीत के जरिए हल किया जाएगा।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article