पटना: बिहार के पटना में यूनिसेफ द्वारा आयोजित 'सशक्त बेटी, समृद्ध बिहार' (Sashakt Beti, Samriddh Bihar) कार्यक्रम के दौरान 9वीं और 10वीं छात्राओं ने बिहार महिला एवं बाल विकास निगम की एमडी और आईएएस अधिकारी हरजोत कौर भामरा से फ्री सेनेटरी पैड (Sanitary Pads) की मांग की तो महिला आईएएस अधिकारी हरजौत कौर ने कहा कि आज आप फ्री सेनेटरी पैड मांग रही हैं, कल कंडोम (Condoms) मांगेगी। उनके इस बयान पर बवाल मच गया। इसके बाद गुरुवार को सीएम नीतीश कुमार (Nitish kumar) ने कहा कि मैंने तुरंत मीटिंग बुलाई है। हम महिलाओं को सशक्त बनाने में मदद कर रहे हैं। मैं हर चीज पर नजर रख रहा हूं। अगर जरा भी सच्चाई होगी, तो कार्रवाई की जायेगी।
जन अधिकार पार्टी के संस्थापक और पूर्व संसाद राजेश रजंन उर्फ पप्पू यादव ने ट्वीट कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि नीतीश जी, सरकार की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी बीजेपी-संघ संक्रमण से संक्रमित है। अपना हक मांगने पर बिहार की बेटियों को पाकिस्तान भेजने की धमकी देती हैं। उन्हें मानसिक संक्रमण से मुक्त करने के लिए समुचित प्रशासनिक इलाज जरूरी है।
गौर हो कि महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से यूनिसेफ सेव द चिल्ड्रन और प्लान इंटरनेशनल के तहत पटना में बुधवार को आयोजित सशक्त बेटी समृद्ध बिहार कार्यक्रम में शामिल एक छात्रा के यह पूछे जाने पर कि ड्रेस और छात्रवृति की तरह क्या सरकार स्कूलों में छात्राओं को 20-30 रुपए का मुफ्त सेनेटरी पैड नहीं दे सकती, इस पर कौर ने पूछा कि क्या इस मांग का कोई अंत है। बिहार कैडर की IAS अधिकारी कौर ने कहा कि 20-30 रुपए का सेनेटरी पैड दे सकते हैं। कल जींस पैंट दे सकते हैं। परसों सुंदर जूते क्यों नहीं दे सकते हैं। नरसों को वो नहीं कर सकते, और अंत में परिवार नियोजन की बात आएगी तो निरोध भी मुफ्त में देना पड़ेगा, है न।
छात्रा के यह कहे जाने पर कि सरकार के हित में जो है उसे देना चाहिए, कौर ने कहा कि सरकार से लेने के लिए तुम्हें जरूरत क्या है। अपने आपको इतना संपन्न करो। उन्होंने कहा कि यह जो सोच है कि सरकार हमें 20-30 रुपए नहीं दे सकती है। यह गलत है। सरकार बहुत कुछ दे रही है। छात्रा के यह कहे जाने पर कि जब हमसे वोट लेने आते हैं तो उस समय नहीं, इस पर बीच में ही रोक कर कौर ने कहा कि यह बेवकूफी की इंतहा है। मत दो वोट। चली जाओ पाकिस्तान। इस पर छात्रा ने कहा कि मैं हिन्दुस्तान में हूं तो, पाकिस्तान क्यों जाऊं। कौर ने छात्रा से पूछा कि वोट क्या तुम पैसों के एवज में देती हो या सुवाधिओं के एवज में देती हो। बताओ।
