Dumka News: झारखंड के दुमका जिले में कोल ब्लॉक के सर्वे को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर में आधी रात को ग्रामीणों का विरोध शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बवाल में बदल गया। ग्रामीणों ने पत्थरबाजी और लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें करीब 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक जवान का पैर टूट गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल है।
कोल ब्लॉक के सर्वे का ग्रामीण कर रहे थे विरोध
जानकारी के मुताबिक, कोल ब्लॉक के सर्वे के लिए कंपनी के अधिकारी बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में पहुंचे थे। इसकी भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर सर्वे का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान कंपनी के अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली।
अधिकारियों को बंधक बनाने की सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम अधिकारियों को सुरक्षित निकालने के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते स्थिति हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान दोनों ओर से तनाव बढ़ गया। जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दो जवानों की हालत गंभीर
इस अचानक हुए हमले में एक दर्जन पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल दो पुलिसकर्मियों और पैर टूटने से जख्मी हुए जवान समेत कई कर्मियों को बेहतर इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद से बादलपाड़ा और कल्याणपुर में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हालात को नियंत्रित रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
