देश

अयोध्या-जनकपुर के बीच आज से शुरू होगी सीधी रेल सेवा, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी...जानें- ट्रेन का नाम?

Saryu Kamala Express: भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को आज (23 नवंबर) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह हरी झंडी दिखाएंगे।

Image

अयोध्या-जनकपुर के बीच आज से शुरू होगी सीधी रेल सेवा, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिखाएंगे हरी झंडी...जानें- ट्रेन का नाम?

Ayodhya Janakpur Direct Train: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेंद्र शाह आज यानी सोमवार (23 नवंबर) को अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिल्ली से डिजिटल माध्यम से ट्रेन को रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

अधिकारियों ने बताया कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मस्थली और नेपाल के जनकपुर में माता सीता की जन्मस्थली को जोड़ने वाली यह रेल सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी।

'604 किलोमीटर की दूरी 19 घंटे में होगी तय'

अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी ट्रेन से लगभग 19 घंटे में तय की जा सकेगी। इस दौरान यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधे रेल संपर्क को भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो नगरों का नहीं बल्कि भगवान श्रीराम और माता जानकी की साझा विरासत, आस्था और परंपराओं का संबंध है।

मुख्यमंत्री ने इस रेल सेवा को रामायण कालीन संबंधों को नई मजबूती देने वाला बताते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास और गहरा होगा। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को राम-जानकी से जुड़े दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा करने में सहूलियत होगी।

कब-कब चलेगी ये ट्रेन और क्या रहेगा समय?

बयान के मुताबिक, ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। यह अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम पांच बजकर 50 मिनट पर रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर जनकपुर से रवाना होकर रविवार सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी।

अधिकारियों ने बताया कि सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन 17 कोच वाले आधुनिक एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें वातानुकूलित, शयनयान और अन्य श्रेणियों के कोच शामिल होंगे। ट्रेन को जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम सहित 10 मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।

बयान के मुताबिक, इस रेल सेवा से रामायण सर्किट के तहत धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article