देश

माथे पर तिलक और गले में माला...उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति की बेटी सैदा मिर्जियोयेव के अंदाज ने जीता दिल

सैदा मिर्जियोयेव के इस भारत आगमन के पीछे एक खास वजह भी सामने आई है। वह भारत के पश्चिमी तट के पास हिंद महासागर में तैनात अमेरिकी नौसेना के विशाल विमानवाहक पोत 'यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन' को देखने पहुंची थीं।

Image

सैदा मिर्जीयोयेव पहुंची भारत

Saida Mirziyoyeva: मध्य एशियाई देश उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव (Saida Mirziyoyeva) की बेटी और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की उपाध्यक्ष सैदा मिर्जियोयेव भारत दौरे के दौरान अपने पारंपरिक स्वागत वाले अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपनी एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वह माथे पर तिलक लगाए और गले में फूलों की माला पहने दिख रही हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने 'नमस्ते भारत' लिखकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जिसे यूजर्स के बीच काफी पसंद किया जा रहा है। अमेरिकी विमानवाहक पोत 'यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन' का दौरा

सैदा क्यों पहुंचीं भारत?

सैदा मिर्जियोयेव के इस भारत आगमन के पीछे एक खास वजह भी सामने आई है। वह भारत के पश्चिमी तट के पास हिंद महासागर में तैनात अमेरिकी नौसेना के विशाल विमानवाहक पोत 'यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन' को देखने पहुंची थीं। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और दूतावास के प्रतिनिधियों के साथ हुए इस दौरे में एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल भी शामिल था। अमेरिकी नौसेना के विवरण के मुताबिक, यह दल 20 नवंबर को CMV-22 ऑस्प्रे विमान के जरिए इस युद्धपोत पर पहुंचा था। वहां मेहमानों ने 'कैरियर एयर विंग 5' का हवाई प्रदर्शन देखा और वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारियों के साथ दोपहर के भोजन के दौरान बातचीत की। इस अनुभव को साझा करते हुए सैदा मिर्जियोयेव ने कहा कि इतने बड़े पोत की कार्यप्रणाली, उन्नत तकनीक को करीब से जानना और चालक दल की दिनचर्या को समझना बेहद रोचक और शानदार रहा।

मजबूत होती भारत-उज्बेकिस्तान साझेदारी

सैदा मिर्जियोयेव की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब नई दिल्ली और ताशकंद के बीच रणनीतिक जुड़ाव काफी गहरा हो चुका है। दोनों देशों के संबंध अब व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर पहुंच चुके हैं। अगस्त 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा के बाद द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाई मिली थी। इतिहास के पन्नों में झांकें तो उज्बेकिस्तान की धरती सदियों पुरानी सभ्यता और संस्कृति की गवाह रही है। समरकंद, बुखारा और फरगाना घाटी जैसे ऐतिहासिक केंद्रों वाले इस देश की लगभग 96 प्रतिशत आबादी सुन्नी मुस्लिम है, और यह 1924 से 1991 के बीच सोवियत संघ का हिस्सा भी रह चुका है।

सैदा मिर्जियोयेव के बारे में जानें

सैदा मिर्जियोयेव उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव की सबसे बड़ी बेटी हैं और वर्तमान में देश की सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियों में से एक मानी जाती हैं। सैदा बेहद शिक्षित हैं। उन्होंने 2006 में ताशकंद के 'यूनिवर्सिटी ऑफ वर्ल्ड इकोनॉमी एंड डिप्लोमेसी' से अंतरराष्ट्रीय कानून में स्नातक किया। इसके बाद 2008 में 'ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ' से कानून में मास्टर डिग्री और 2010 में रूस की प्रतिष्ठित 'मॉस्को स्टेट यूनिवर्सिटी' से अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की। उनके पास अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि भी है।

उन्होंने अपने सार्वजनिक करियर की शुरुआत 2019 में राष्ट्रपति प्रशासन के तहत सूचना और जनसंचार एजेंसी के उप निदेशक के रूप में की थी। अगस्त 2023 में उन्हें 'राष्ट्रपति का प्रथम सहायक' नियुक्त किया गया। जून 2025 में उन्हें 'राष्ट्रपति प्रशासन का प्रमुख' बनाया गया, जो देश का दूसरा सबसे ताकतवर पद माना जाता है। अगस्त 2026 में एक नए संवैधानिक कानून के तहत उन्हें 'राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का उपाध्यक्ष' भी नियुक्त किया गया। इसके अलावा, सितंबर 2026 से वह 'ताशकंद इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर' की प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article