शहर

पुरानी दिल्ली में जाम से मिलेगी राहत! सड़कों और फुटपाथों से हटाए गए अवैध कब्जे

पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण हटाने के लिए MCD और दिल्ली पुलिस ने रविवार को संयुक्त अभियान चलाया। कई इलाकों में सड़कें और फुटपाथ खाली कराए गए। अब चांदनी चौक और खारी बावली में भी अभियान चलेगा।

Image

पुरानी दिल्ली में अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi News: पुरानी दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले भीषण जाम और पैदल चलने वालों की परेशानी को दूर करने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस ने रविवार को संयुक्त रूप से एक बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कई प्रमुख इलाकों में सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक रास्तों से अवैध कब्जों को हटाया गया, ताकि यातायात को सुगम बनाया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, अब चांदनी चौक, खारी बावली और चर्च मिशन रोड जैसे व्यस्त इलाकों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

पुल मिठाई से तीस हजारी तक चला अभियान

MCD और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीमों ने रविवार को पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी समेत कई इलाकों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इन जगहों पर सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी होती है। अभियान के दौरान सार्वजनिक रास्तों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अधिकारियों का कहना है कि इससे वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी।

20 नवंबर की बैठक के बाद कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई 20 नवंबर को दिल्ली सचिवालय में हुई बैठक के बाद की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रिडेवलपमेंट कॉरपोरेशन की बैठक हुई थी। इसमें पुरानी दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई थी। बैठक में संबंधित विभागों को इन समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद MCD और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

चांदनी चौक और खारी बावली में भी होगी कार्रवाई

MCD ने चांदनी चौक, खारी बावली और चर्च मिशन रोड जैसे व्यस्त बाजारों में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए चेतावनी और निर्देश जारी किए हैं। इन इलाकों में सड़कों और फुटपाथों पर कब्जे और अवैध ई-रिक्शा संचालन के कारण यातायात प्रभावित होता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article