देश

'फैसलों की आलोचना करें, संवैधानिक संस्थानों को निशाना न बनाएं': CJI सूर्यकांत का बड़ा संदेश

Central University of Himachal Pradesh: धर्मशाला में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों को संवैधानिक निकायों के फैसलों की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन संस्थानों को निशाना बनाने से बचना चाहिए।

Image

'फैसलों की आलोचना करें, संवैधानिक संस्थानों को निशाना न बनाएं': CJI सूर्यकांत का बड़ा संदेश

CJI Surya Kant Speech: प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने रविवार को कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों को संवैधानिक निकायों के फैसलों की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन उन्हें इन संस्थानों को निशाना बनाने से बचना चाहिए। धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी)के 10वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए प्रधान न्यायाधीश ने छात्रों से संवाद के दौरान कहा कि लोग अक्सर किसी फैसले और उस फैसले के पीछे मौजूद संस्था के बीच फर्क नहीं कर पाते हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि उनका मानना है कि इस प्रवृत्ति से लोकतंत्र को बनाए रखने के लिए जरूरी संस्थाओं में जनता के भरोसे को कम करने का खतरा पैदा होता है।

'आलोचना करने का अधिकार तो है, लेकिन...'

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों को संवैधानिक निकायों के फैसलों की आलोचना करने का अधिकार तो है, लेकिन उन्हें इन संस्थाओं को निशाना बनाने से बचना चाहिए।

न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए अपने आस-पास के हिमालयी परिदृश्य का उदाहरण देते हुए स्नातक छात्रों से अपने लक्ष्यों को पाने की दिशा में धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने छात्रों को याद दिलाया कि पहाड़ों में किसी भी मंजिल तक जाने वाला रास्ता शायद ही कभी सीधा होता है, और कोई भी व्यक्ति अकेले पहाड़ पर नहीं चढ़ता।

दीक्षांत समारोह धर्मशाला के राजकीय डिग्री महाविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। इस दौरान 702 छात्रों को उपाधि प्रदान की गईं और 32 स्वर्ण पदक दिए गए, जिनमें से 23 छात्राएं शामिल हैं।

डिग्री राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाती है- मुख्यमंत्री सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्रों से कहा कि डिग्री न केवल छात्र की कड़ी मेहनत की पहचान है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने विश्वविद्यालय से आह्वान किया कि वह जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, जैव विविधता और ग्रामीण विकास जैसे हिमालय से जुड़ी चुनौतियों पर प्रभावशाली शोध के केंद्र के रूप में उभरे। उन्होंने रेखांकित किया कि विश्वविद्यालयों को अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता को समाज की जरूरतों के साथ जोड़ना चाहिए।

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी समारोह में मौजूद रहे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article