UP Vidhan Sabha Chunav 2027: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि राज्य में अपने संगठन को मजबूत करना भी है। लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर अंतिम फैसला पार्टी की प्रदेश इकाई करेगी, जिसके बाद केंद्रीय संसदीय बोर्ड उसे मंजूरी देगा।
चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने यह भी घोषणा की कि इस साल उनके पिता और पार्टी संस्थापक दिवंगत रामविलास पासवान की जयंती उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मनाई जाएगी। उनके मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरना और राज्य में संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) देशभर में अपना दायरा बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है और उत्तर प्रदेश इस रणनीति का एक अहम हिस्सा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अमरनाथ यात्रियों को रेलवे का बड़ा तोहफा, जम्मू-श्रीनगर स्पेशल ट्रेन शुरू; सुविधाएं जानकर खुश हो जाएंगे श्रद्धालु
पुराने सिस्टम की जगह नई व्यवस्था लागू-चिराग पासवान
इस दौरान चिराग पासवान ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्योग जगत से भी सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार सुधारों की दिशा में काम कर रही है और पुराने सिस्टम की जगह नई व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने उद्योग जगत से समय-समय पर सुझाव देने की अपील की ताकि जरूरी सुधार किए जा सकें। जीएसटी सुधारों का जिक्र करते हुए चिराग ने कहा कि जब उन्होंने मंत्री पद संभाला था, तब उद्योग जगत की सबसे बड़ी चिंता जीएसटी को लेकर थी।
अब कई उत्पादों पर जीएसटी को घटाकर 5 प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है, जिससे उद्योग को राहत मिली है। उन्होंने स्वस्थ खानपान पर भी जोर दिया और कहा कि देश में बढ़ते मोटापे की समस्या को देखते हुए बाजार में हेल्दी फूड के विकल्प बढ़ाने की जरूरत है।
