Amarnath Yatra Special Train: अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारतीय रेलवे ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। रविवार को रेलवे ने तीर्थयात्रियों की सुविधा और सीधे कनेक्टिविटी देने के लिए जम्मू से श्रीनगर के बीच विशेष ट्रेन सेवाओं की शुरुआत की। इस पहल से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि उनका सफर भी काफी आरामदायक हो जाएगा।
श्रीनगर के चीफ एरिया मैनेजर कपिल शर्मा ने बताया कि गर्मियों के मौसम और अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra 2026) के कारण ट्रेनों और स्टेशनों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। इस भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित करने के लिए रेलवे बोर्ड और मुख्यालय स्तर पर एक मल्टी-लेवल मॉनिटरिंग सिस्टम (निगरानी प्रणाली) तैयार की गई है। ट्रेन की समयबद्धता, साफ-सफाई से लेकर पानी और बिजली जैसी हर छोटी-बड़ी बुनियादी सुविधा की लगातार निगरानी की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'ममता दीदी ने सब कुछ दिया, फिर भी बाहरी लोगों के सामने झुक गईं', चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे पर भड़के सौगत रॉय
KYC के जरिए करवा सकते हैं अपना वेरिफिकेशन
अमरनाथ यात्रा को ध्यान में रखते हुए इस बार खास इंतजाम किए गए हैं। जिन श्रद्धालुओं का पहले से रजिस्ट्रेशन हो चुका है, वे स्टेशन के बाहर ही लगाए गए विशेष काउंटरों पर आधार केवाईसी के जरिए अपना वेरिफिकेशन करवा सकते हैं। इसके बाद वे बिना किसी देरी के अपनी यात्रा शुरू कर सकेंगे। वहीं, जो नए तीर्थयात्री बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंचे हैं, वे पंत चौक जा सकते हैं, जहां से बसों के जरिए उन्हें ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए ले जाया जाएगा।
57 दिवसीय पवित्र यात्रा 28 अगस्त को होगी पूरा
ट्रेनों के भीतर खान-पान की बेहतरीन व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और जम्मू-कश्मीर राज्य पुलिस आपस में मिलकर काम कर रहे हैं। आईजी स्तर के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार इन व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं ने भी रेलवे के इन इंतजामों की जमकर तारीफ की है। वंदे भारत ट्रेन (vande bharat train facilities) से पहुंचे एक भक्त ने कहा कि पहले के मुकाबले अब सफर बहुत आसान हो गया है। ट्रेन के भीतर टिकट निरीक्षकों और सुरक्षा कर्मचारियों का व्यवहार बेहद सहयोगात्मक और अनुशासित था, जिससे सुरक्षित महसूस हुआ। डिजिटल सर्विलांस और आरएफआईडी (RFID) ट्रैकिंग से लैस यह 57 दिवसीय पवित्र यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर संपन्न होगी।
