लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच वाकयुद्ध छिड़ा हुआ है। इसी कड़ी में गौरव गोगोई ने बुधवार को मुख्यमंत्री हिमंत द्वारा पाकिस्तान से संबंधित लगाए गए विवादास्पद आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़े और उसे बुरी तरह फ्लॉप हो चुकी सी-ग्रेड बॉलीवुड मूवी करार दिया।
गौरव गोगोई ने क्या कुछ कहा?
कांग्रेस नेता ने पाकिस्तान जाने की बात स्वीकार करते हुए पूछा कि अगर मैंने कोई गलत काम किया था तो केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 11 सालों में कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि वह 12 साल पहले महज एक बार पाकिस्तान गए थे और भाजपा इस मुद्दे को बुरी तरह फ्लॉप हो चुकी 'सी-ग्रेड बॉलीवुड मूवी' की तरह उठा रही है।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस नेतृत्व के मन में उनकी साख के बारे में संदेह पैदा करने के इरादे से ये आरोप लगा रहे थे, लेकिन यह संदेह खत्म हो चुका है।

लोकसभा में विपक्ष के उपनेता और असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई (फोटो साभार: @INCAssam)
हिमंत पर बरसे गोगोई
गौरव गोगोई ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि करीब 14-15 साल पहले मेरी पत्नी, जो एक जानी-मानी पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ हैं, ने दक्षिण एशिया में जलवायु परिवर्तन पर केंद्रित एक अंतरराष्ट्रीय परियोजना पर काम किया था। 2012-13 के आसपास भारत लौटने से पहले उन्होंने एक साल पाकिस्तान में बिताया था। तब से उन्होंने अपना काम जारी रखा है और 2015 में एक नई नौकरी ज्वाइन कर ली है।
उन्होंने कहा कि मैं 2013 में एक बार उनके (पत्नी) साथ गया था। उनका (भाजपा) काम बदमानी करना है और इस मुद्दे को उछालकर वह इस पूरे मामले को सी-ग्रेड बॉलीवुड मूवी की तरह बना रहे हैं जिसके बारे में उन्होंने कहा है कि यह 10 सितंबर को रिलीज होगी, लेकिन यह बुरी तरह से फ्लॉप होने जा रही है।
CM हिमंत का पलटवार
हिमंत ने गौरव गोगोई पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद ने पाकिस्तान दौरे की बात स्वीकार कर ली, लेकिन हम स्पष्ट रूप से बता दें- यह महज शुरुआत है, अंत नहीं। आगे जो होने वाला है वह कहीं अधिक गंभीर है। उन्होंने कहा कि असम सरकार 10 सितंबर को सब कुछ सार्वजनिक कर देगी, जब एसआईटी की जांच पूरी हो जाएगी। असम और देश के लोग सच्चाई के हकदार हैं।
