देश

दिल्ली आए PAK के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक, सिंधु नदी जल समझौते पर हाथ काटने की दी थी गीदड़भभकी

सत्तारूढ़ पार्टी PML-N के सदस्य मलिक फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक वे भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री के निमंत्रण पर आए हैं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि मलिक सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और इस क्षेत्र में पाकिस्तान के योगदान पर देश का दृष्टिकोण रखेंगे।

Image

दिल्ली आए पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक।

Photo : ANI

Musadik Masood Malik : पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसद्दिक मसूद मलिक गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे। वे 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले पहले SCO सिविलाइजेशंस डायलॉग फोरम में हिस्सा लेंगे। मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए चार दिन के सैन्य संघर्ष के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है। साथ ही, तीन साल से भी ज्यादा समय बाद कोई पाकिस्तानी नेता भारत आया है।

पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई

सत्तारूढ़ पार्टी PML-N के सदस्य मलिक फोरम में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक वे भारत के संस्कृति और पर्यटन मंत्री के निमंत्रण पर आए हैं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि मलिक सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व और इस क्षेत्र में पाकिस्तान के योगदान पर देश का दृष्टिकोण रखेंगे।

2026-27 के लिए अध्यक्ष है PAK

मंत्रालय ने यह भी कहा कि फोरम में पाकिस्तान की भागीदारी एक सक्रिय SCO सदस्य के तौर पर उसके योगदान को दर्शाती है। यह भागीदारी 'शंघाई स्पिरिट' के अनुरूप संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने की कोशिश है। पाकिस्तान इस समय 2026-27 के लिए SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट का अध्यक्ष है।

आतंकी ठिकानों को भारत ने बनाया निशाना

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जिससे मई 2025 में चार दिन तक दोनों देशों के बीच संघर्ष चला। इसी दौरान भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने समेत कई कूटनीतिक और आर्थिक दंडात्मक कदम उठाए थे।

'...उसके हाथ काट दिए जाएंगे'

मलिक उन पाकिस्तानी नेताओं में शामिल थे जिन्होंने भारत के इस फ़ैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। जून में एक सेमिनार में उन्होंने कहा था, 'जो भी हमारे पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे।' ऐसे में उनकी मौजूदा यात्रा को लेकर खास दिलचस्पी है।मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में यह यात्रा बहुपक्षीय मंच के दायरे में हो रही है, इसलिए इसे द्विपक्षीय बातचीत की शुरुआत नहीं माना जा सकता। फिर भी, लंबे अंतराल के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत आना कूटनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। अब नज़र इस पर रहेगी कि फोरम के दौरान दोनों पक्षों के बीच कोई अनौपचारिक संपर्क होता है या नहीं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article