Tulsi Vivah Aaj hai ya cal: कार्तिक महीने में देवउठनी एकादशी के साथ ही एक और खास पर्व का इंतजार रहता है। यह है तुलसी विवाह। घरों में तुलसी के पौधे को सजाया जाता है। आंगन में रंगोली बनती है और शाम को दीपक जलाकर तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। लेकिन इस बार लोगों के मन में एक सवाल है। तुलसी विवाह 20 नवंबर को है या 21 नवंबर को? क्या आज देवउठनी एकादशी के दिन ही तुलसी विवाह होगा या इसके लिए कल का इंतजार करना होगा।
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में तुलसी विवाह मुख्य रूप से 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। इस दिन कार्तिक शुक्ल द्वादशी है। हालांकि, कई घरों और क्षेत्रों में देवउठनी एकादशी यानी 20 नवंबर की शाम को भी तुलसी विवाह कराने की परंपरा है। इसलिए दोनों तारीखों को लेकर भ्रम की स्थिति बन रही है।
तुलसी विवाह आज है या कल, जानें 20 और 21 नवंबर में से सही तारीख
इस साल देवउठनी एकादशी 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जा रही है। इसी दिन भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने की मान्यता है। इसके अगले दिन यानी 21 नवंबर को कार्तिक शुक्ल द्वादशी पड़ रही है। पंचांग के अनुसार, इसी दिन तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन होगा।
द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक रहेगी। ऐसे में जो लोग उदया तिथि के आधार पर पर्व मनाते हैं, उनके लिए 21 नवंबर को तुलसी विवाह करना उचित रहेगा। वहीं, जिन परिवारों में एकादशी की शाम विवाह कराने की परंपरा है, वे आज यानी 20 नवंबर को भी यह आयोजन कर सकते हैं।
तुलसी विवाह के लिए आज का मुहूर्त 20 नवंबर 2026
20 नवंबर 2026, शुक्रवार को तुलसी विवाह के लिए शाम का गोधूलि मुहूर्त शुभ माना जा रहा है। इस दिन शाम 5:24 बजे से 5:51 बजे तक तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह की रस्में कर सकते हैं।
तुलसी विवाह के लिए कल का मुहूर्त 21 नवंबर 2026
21 नवंबर 2026, शनिवार को तुलसी विवाह का पर्व कार्तिक शुक्ल द्वादशी के दिन मनाया जाएगा। इस दिन द्वादशी तिथि सुबह 6:31 बजे से शुरू होकर 22 नवंबर की सुबह 4:56 बजे तक रहेगी। तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह के लिए शाम का गोधूलि मुहूर्त 5:25 बजे से 5:52 बजे तक रहेगा। वहीं, प्रदोष काल में शाम 5:25 बजे से रात 8:06 बजे तक विवाह की रस्में की जा सकती हैं। इस दौरान तुलसी माता को दुल्हन की तरह सजाकर शालिग्राम जी के साथ विवाह की परंपरा निभाएं।
आखिर एकादशी और द्वादशी दोनों दिन क्यों होता है तुलसी विवाह
तुलसी विवाह को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग परंपराएं देखने को मिलती हैं। कुछ जगहों पर देवउठनी एकादशी की शाम भगवान विष्णु के जागने के बाद तुलसी विवाह कराया जाता है। वहीं, कई परिवार कार्तिक शुक्ल द्वादशी को इस विवाह के लिए चुनते हैं। कुछ स्थानों पर कार्तिक पूर्णिमा तक भी तुलसी विवाह कराने की परंपरा है।
इसका संबंध भगवान विष्णु के जागने और चातुर्मास की समाप्ति से है। मान्यता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। तुलसी विवाह इसी शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
शालिग्राम के साथ ही क्यों होता है तुलसी माता का विवाह
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी माता का पूर्व जन्म वृंदा के रूप में हुआ था। वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त थीं और उनका विवाह राक्षस राजा जलंधर से हुआ था। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर बहुत शक्तिशाली हो गया था। उसका अंत करने के लिए भगवान विष्णु ने एक लीला रची। इससे वृंदा का पतिव्रत धर्म भंग हुआ और उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का श्राप दे दिया। बाद में भगवान ने उन्हें तुलसी के पौधे के रूप में पूजे जाने का वरदान दिया। मान्यता है कि भगवान विष्णु शालिग्राम रूप में तुलसी के साथ विवाह करते हैं। इसी परंपरा को तुलसी विवाह कहा जाता है।
तुलसी विवाह की पूजा शाम को कैसे करें
तुलसी विवाह के लिए शाम का समय विशेष माना जाता है। तुलसी के गमले को साफ करके उसके आसपास रंगोली बनाएं। तुलसी माता को लाल चुनरी, बिंदी, चूड़ियों और फूलों से सजाएं। इसके बाद गन्ने का मंडप बनाकर उसमें शालिग्राम जी को विराजमान करें। दोनों को तिलक लगाएं और फल, मिठाई, फूल तथा धूप-दीप अर्पित करें। इसके बाद विवाह की रस्में पूरी करें और आरती करें।
