आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से हेल्थकेयर, फाइनेंस, शिक्षा और गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों को बदल रहा है। ऐसे में इसके सुरक्षित, नैतिक और जवाबदेह इस्तेमाल को लेकर दुनिया भर में चर्चा तेज हो गई है। इसी दिशा में ग्रेटर नोएडा स्थित बेनेट यूनिवर्सिटी (Bennett University) में तीसरे ग्लोबल AI समिट 2026 का आगाज हुआ। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में आठ देशों के वैज्ञानिक, पॉलिसीमेकर्स और टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। समिट में AI के भविष्य के साथ-साथ तकनीक पर लोगों के भरोसे, सुरक्षा और जवाबदेही जैसे अहम मुद्दों पर मंथन किया जा रहा है।
IEEE द्वारा तकनीकी रूप से सह-प्रायोजित और भारत की शीर्ष अनुसंधान संस्था, ANRF (अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन) के समर्थन से आयोजित-साथ ही उद्योग जगत के प्रायोजकों, कोडतंत्रा (CodeTantra) और जेबिया (Xebia) के सहयोग से- यह तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन (18-20 नवंबर) विश्व-स्तरीय उच्च शिक्षा और इनोवेशन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में बेनेट यूनिवर्सिटी की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
समिट के पहले दिन 12 तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा 10 इंटरनेशनल कीनोट संबोधन हुए और करीब 100 रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए गए। इस दौरान सम्मेलन की कार्यवाही का औपचारिक विमोचन भी किया गया। पूरे समिट में 23 विशेष ट्रैक के तहत 250 से अधिक रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए जाने हैं। इनमें हेल्थकेयर, क्वांटम कंप्यूटिंग, 5G/6G और क्लाइमेट साइंस जैसे विषय शामिल हैं।
बेनेट यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर (डॉ.) राज सिंह ने कहा कि भारत केवल AI का इस्तेमाल करने वाला देश नहीं बनना चाहता, बल्कि इस तकनीक को विकसित करने और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाने वाले देशों में शामिल होना चाहता है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी इसी लक्ष्य के साथ भारत को AI के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर योगदान देने के लिए तैयार कर रही है।

समिट में अमेरिका स्थित कंपनी आयरन माउंटेन की सूचना सुरक्षा निदेशक डॉ. विजय लक्ष्मी ने सुरक्षा, भरोसे और मजबूती से जुड़े व्यावहारिक अनुभव साझा किए
समिट के जनरल चेयर और बेनेट यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन एवं इंटरनेशनल अफेयर्स और कॉरपोरेट आउटरीच के प्रमुख प्रोफेसर (डॉ.) अभय बंसल ने कहा कि AI का अगला चरण सिर्फ उसकी सटीकता तक सीमित नहीं रहेगा। यह भी महत्वपूर्ण होगा कि कोई AI सिस्टम कितना सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष है। उन्होंने कहा कि बेनेट यूनिवर्सिटी इस वैश्विक चर्चा को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाना चाहती है।
समिट के उद्घाटन सत्र की शुरुआत प्रोफेसर अभय बंसल और यूनिवर्सिटी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर सेंथिल कुमार ने की। सम्मेलन में अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, स्वीडन, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, कजाकिस्तान और वियतनाम के विशेषज्ञ शामिल हुए। विभिन्न सत्रों में AI सिक्योरिटी और गवर्नेंस, एक्सप्लेनेबल AI, एप्लाइड AI और भविष्य के रोजगार व समाज पर इसके प्रभाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
समिट के तहत 19 नवंबर को TechNova '26 का आयोजन भी किया जा रहा है। यह एक बड़ा इनोवेशन शोकेस होगा, जिसमें 600 से अधिक प्रतिभागी 100 से ज्यादा एप्लाइड AI प्रोजेक्ट इंडस्ट्री जूरी के सामने पेश करेंगे। इसका उद्देश्य शोध और तकनीक को वास्तविक दुनिया की जरूरतों से जोड़ना है।
इसके साथ ही एक विशेष इंडस्ट्री सत्र भी आयोजित होगा। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, एटोस, नोकिया, वीएफएस ग्लोबल, जेनपैक्ट, एरिक्सन, ओरेकल और कैपजेमिनी जैसी वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
तीन दिवसीय सम्मेलन का समापन 20 नवंबर को होगा। आखिरी दिन एलुमनाई राउंडटेबल, IEEE वुमेन इन इंजीनियरिंग सत्र और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में ABV-IIITM ग्वालियर के निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) एस. एन. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
