टोयोटा (Toyota) अपनी लोकप्रिय MPV Innova Hycross को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसके फेसलिफ्ट मॉडल का एक नया टीजर जारी किया है। इसे भारत में 25 नवंबर को लॉन्च किया जाएगा। नए टीजर में कार के डिजाइन में होने वाले कुछ बदलावों की झलक देखने को मिली है। इसके अलावा, Toyota Innova Hycross Facelift में बड़े इंफोटेनमेंट स्क्रीन, अपडेटेड टेक्नोलॉजी और नए फ्लेक्स-फ्यूल इंजन का विकल्प मिलने की उम्मीद है। ऐसे में आइए जानते हैं कि नई Innova Hycross में क्या कुछ खास हो सकता है-
बदल जाएगा फ्रंट लुक
नए टीजर के मुताबिक, Innova Hycross फेसलिफ्ट के फ्रंट लुक में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे। इसमें नए डिजाइन वाले LED डे-टाइम रनिंग लैंप (DRLs) दिए जाएंगे, जिनका डिजाइन Toyota Taisor की लाइटिंग स्टाइल से मिलता-जुलता हो सकता है। इसके अलावा, फ्रंट ग्रिल को भी अपडेट किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक कार का पूरा फ्रंट डिजाइन नहीं दिखाया है। दूसरे बदलावों की बात करें तो इसमें ब्लैक फिनिश वाले ORVMs, क्रोम डोर हैंडल और शार्क-फिन एंटीना देखने को मिलेंगे।
इंटीरियर और फीचर्स में मिलेंगे बड़े अपडेट
नई Innova Hycross के केबिन में टेक्नोलॉजी से जुड़े बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है। यह सेटअप इंडोनेशिया में बिकने वाली अपडेटेड Innova Zenix जैसा हो सकता है। मौजूदा मॉडल के कई फीचर्स नए मॉडल में भी जारी रह सकते हैं। इनमें 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 13-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, डुअल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और रेन-सेंसिंग वाइपर शामिल हैं। सेफ्टी के लिए इसमें लेवल-2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, 6 एयरबैग और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल मिलने की उम्मीद है।
फ्लेक्स-फ्यूल इंजन होगा सबसे बड़ा आकर्षण
नई Innova Hycross का सबसे बड़ा अपडेट इसका फ्लेक्स-फ्यूल इंजन हो सकता है। यह इंजन मौजूदा 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन पर आधारित हो सकता है। मौजूदा पेट्रोल इंजन 171 PS की पावर और 204 Nm का टॉर्क देता है। वहीं, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन 189 PS की कंबाइंड पावर जनरेट करता है। दोनों विकल्प क्रमशः CVT और e-CVT ट्रांसमिशन के साथ आते हैं। फेसलिफ्ट में ये विकल्प भी जारी रहने की संभावना है।
कितनी होगी कीमत?
टोयोटा Innova Hycross फेसलिफ्ट को भारत में 25 नवंबर को लॉन्च किया जाएगा। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 20 लाख रुपये होने की उम्मीद है। हालांकि, कार की आधिकारिक कीमतों के लेकर जानकारी लॉन्च के साथ ही सामने आएगी। फीचर्स और इंजन में होने वाले बदलावों के आधार पर इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा हो सकती है।
