देश

जब राहुल गांधी के पास एक बच्चा अपना गुल्लक लेकर पहुंच गया, कहा- उन्हें पैसों की जरूरत पड़ेगी

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 28, 2022, 07:22 AM IST

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों मध्यप्रदेश से गुजर रही है। मध्यप्रदेश के बाद यह यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। मध्यप्रदेश में इस यात्रा के दौरान कई अनोखे दृश्य देखने को मिल रहे हैं। इसी में से एक है, एक बच्चे का अपना गुल्लक राहुल गांधी को भेंट करना।

Image

राहुल गांधी को अपना गुल्लक सौंपते हुए बच्चे

Photo : Twitter

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान एक बच्चा अपना गुल्लक लेकर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मिलने के लिए पहुंच गया। राहुल गांधी को जब इसकी खबर हुई तो उन्होंने बच्चे से मुलाकात की। इस दौरान बच्चे ने कहा कि उन्हें यात्रा के दौरान रुपयों की जरूरत पड़ेगी, इसलिए वो अपना गुल्लक लेकर उन्हें देने आया है।

इस बच्चे के साथ तीन और बच्चे भी थे। राहुल गांधी ने सभी से मुलाकात की और गुल्लक को लेते हुए उन्हें थैंक्यू कहा। इसके बाद राहुल गांधी ने वो गुल्लक दिग्विजय सिंह को सौंप दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने खुद इसके वीडियो ट्वीट भी किए हैं। राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा- "त्याग और स्वार्थहीनता बचपन में मिले संस्कारों से आते हैं। ये गुल्लक मेरे लिए अनमोल है, बेशुमार प्यार का ख़ज़ाना है।"

गुल्लक देने वाले बच्चे का नाम यशराज परमार है। यशराज परमार ने गुल्लक दे कहा कि राहुल गांधी उन्हें इसलिए पसंद हैं क्योंकि वो सभी को साथ लेकर चलते हैं। बच्चे ने कहा- "मैंने अपनी पॉकेटमनी से ये बचत की है, मैंने उनसे कहा कि अगर यात्रा के दौरान इसकी जरूरत लगे तो आप इसमें से ले लीजिएगा।"

बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरु हुई थी। इसे कश्मीर तक जाना है। तमिलनाडु से शुरु हुई यह यात्रा केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्यप्रदेश पहुंची है। मध्यप्रदेश के बाद यह यात्रा राजस्थान जाएगी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी बीजेपी और आरएसएस पर हमलावर नजर आए हैं। वहीं बीजेपी इस यात्रा को फ्लॉप बता रही है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!