देश

कौन थे बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी सीजे रॉय? जिन्होंने इनकम टैक्स की छापेमारी के बीच खुद को मारी गोली

Income Tax Raid: बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने शुक्रवार को कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना उस समय हुई जब आयकर विभाग की टीम उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

Dr CJ Roy

बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी सीजे रॉय ने कथित तौर पर खुद को मारी गोली (फाइल फोटो)

Income Tax Raid: बेंगलुरु के रियल एस्टेट कारोबारी और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने शुक्रवार को कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 57 वर्षीय डॉ. रॉय दक्षिण भारत की अग्रणी रियल एस्टेट कंपनी कॉन्फिडेंट ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब आयकर विभाग की टीम उनके ठिकाने पर छापेमारी कर रही थी।

डॉ. रॉय को कैसे मिला हथियार

बताया जा रहा है कि डॉ. रॉय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से कथित तौर पर खुद को गोली मारी। घटना के तुरंत बाद उन्हें एचएसआर लेआउट स्थित नारायणा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के आरोपों के बाद उसी दिन डॉ. रॉय के कार्यालयों और आवासों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। पूछताछ सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई थी। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे कुछ दस्तावेज लाने को कहा। बताया जाता है कि दस्तावेज लेने के लिए वह पास के कमरे में गए, जहां उन्होंने खुद को गोली मार ली।

अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल, मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

परिवार के संपर्क में पुलिस

पुलिस आयुक्त ने बताया कि फिलहाल रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है कि पिछले दो से तीन दिनों से आयकर विभाग की टीम इन परिसरों की तलाशी ले रही थी। यह टीम केरल से आई थी। इस समय हमारे पास सभी जानकारियां नहीं हैं और शिकायत अभी तैयार की जा रही है, इसलिए पूरी जांच शुरू नहीं हुई है। हम परिवार के संपर्क में हैं, जो फिलहाल भारत से बाहर है और आज रात की फ्लाइट से पहुंच रहा है। उनके आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हालांकि, टाइम्स नाउ से बात करते हुए, सीजे रॉय के भाई सीजे बाबू ने अधिकारियों द्वारा बिजनेसमैन के साथ किए जाने वाले बर्ताव पर दुख जताया। बाबू ने पिछले दिन रॉय के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, "वह बहुत दबाव में थे।" उन्होंने मुझे बताया- 'तुम भारत वापस आ जाओ। मैं तुम्हें सब कुछ बताना चाहता हूं।' उन्होंने इस मामले में शामिल केरल राज्य के अधिकारियों का जिक्र करते हुए एडिशनल कमिश्नर कृष्णप्रसाद और उनकी टीम को भी जिम्मेदार ठहराया।

कौन थे डॉ. सीजे रॉय?

डॉ. सीजे रॉय बेंगलुरू स्थित एक बड़े समूह के प्रमुख थे और रियल एस्टेट सेक्टर में अपनी मजबूत मौजूदगी के लिए जाने जाते थे। उनका केरल, कर्नाटक और यहां तक कि खाड़ी देशों तक में बिजनेस फैला हुआ था।

उन्होंने 2006 में कॉन्फिडेंट ग्रुप की स्थापना की और इसे एक बड़े कर्ज़-मुक्त कंपनी के रूप में विकसित किया, जिसके प्रोजेक्ट्स भारत और मध्य पूर्व में फैले हुए हैं। समूह के भारत और यूएई में 160 से अधिक प्रोजेक्ट्स हैं, जिसमें ज़ायन हिल्स गोल्फ काउंटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिसकी कीमत लगभग 3,000 करोड़ रुपये है।

रियल एस्टेट के अलावा, रिपोर्ट्स के अनुसार रॉय मलयालम और कन्नड़ फिल्म उद्योगों में एक प्रमुख फिल्म निर्माता भी थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. सीजे रॉय की कुल अनुमानित संपत्ति लगभग एक अरब डॉलर यानी 8,400 करोड़ रुपये से अधिक थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अनुराग गुप्ता
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article