Times Now Summit 2026: 28 फरवरी 2026 को अमेरिका व इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला बोल दिया, जहां तब से दोनों पक्षों में भीषण जंग जारी है। ईरान भी लगातार अमेरिका व इजरायल के ठिकानों को निशाना बना रहा है। इस बीच पूरे पश्चिमी एशिया में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। अन्य देशों के साथ भारत में भी गैस को लेकर स्थिति नाज़ुक बनी हुई है। साथ ही देश में तेल की कमी को लेकर भी अफवाह उड़ रही है। इस बीच देश में कोविड के जैसे लॉकडाउन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। क्या इसमें कोई सच्चाई है? जी नहीं, सरकार इस बात से लगातार मना कर रही है। इस बीच देश के गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने को कहा है।
टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर नाविका कुमार के साथ बातचीत में अमित शाह ने कहा, 'मैं आप सभी से अपील करता हूं कि आप नरेंद्र मोदी सरकार पर भरोसा करें और अपने पेट्रोल टैंक उसी तरह भरवाएं जैसे आप पहले भरवाते थे। तब न तो कहीं कोई लाइन लगेगी और न ही किसी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की कोई कमी होगी। किसी भी चीज की कमी नहीं होगी और सभी को घरेलू सिलेंडर मिलेंगे।'
PNG को लेकर युद्धस्तर पर काम चल रहा: शाह
उन्होंने आगे कहा, 'इसके साथ ही, PNG भी उपलब्ध है, इसलिए प्रधानमंत्री ने PNG कनेक्शन बढ़ाने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। हम उन अन्य देशों के साथ भी समझौते कर रहे हैं जहां पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध हैं, ताकि हमारा देश सुचारू रूप से चलता रहे और औद्योगिक उत्पादन भी ठीक से चलता रहे। यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी व्यवस्था की गई है कि गृहिणियों का चूल्हा साल के 365 दिन, 24 घंटे जलता रहे।'
अमित शाह ने कहा कि जनता को किसी भी तरह से डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने इस दौरान राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी चाहे जो भी करें, जो कहें, आप बिल्कुल न डरें, कुछ भी गलत नहीं होने वाला है।
