देश

होर्मुज जलडमरूमध्य में 24 भारतीयों वाले LPG टैंकर पर हमला, भारत ने की कड़ी निंदा, 1 भारतीय क्रू मेंबर लापता

होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में 24 भारतीय नागरिकों सवार एक एलपीजी (LPG) टैंकर पर हुए हमले के बाद भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की कड़ी निंदा की है

Image

होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकर पर हमला, भारत ने की कड़ी निंदा

भारत ने मंगलवार को 16 नवंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर हुए हमले की निंदा की। विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक बयान में कहा कि जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि घायल चालक दल के दो सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और एक व्यक्ति अभी भी लापता है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास, ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर चल रहे खोज और बचाव कार्यों पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने इस क्षेत्र में जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों पर चिंता जताई और चेतावनी दी कि ऐसी घटनाएं आम नागरिकों (नाविकों) की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा हैं।

बयान में कहा गया, 'इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये आम नागरिकों (नाविकों) की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा पैदा करते हैं। वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप, अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से होकर जहाजों की आवाजाही और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।'

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि टैंकर पर हमला हुआ था, जिसके कारण पूरे चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा। 'X' पर सोनोवाल ने कहा कि चालक दल के 24 सदस्यों का पता चल गया है और वे सुरक्षित हैं, जबकि एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है। ' एक चिंताजनक घटना में, पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर 'तारा गैस' (TARA GAS) पर एक और हमला हुआ, जिसके कारण पूरे चालक दल (क्रू) को जहाज छोड़ना पड़ा। चालक दल के 24 सदस्य सुरक्षित मिल गए हैं, लेकिन एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है।हम लापता नाविक का पता लगाने और बचाए गए चालक दल के सदस्यों की तत्काल सुरक्षा, भलाई और जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी और क्षेत्रीय बचाव अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं,' उन्होंने 'X' पर लिखा।

'लापता भारतीय नाविक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी'

मस्कट में भारतीय दूतावास ने 'X' पर बताया कि जब यह जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से होकर गुजर रहा था, तब इस पर 25 लोग सवार थे, जिनमें 24 भारतीय थे। दूतावास ने बताया कि चालक दल के 24 सदस्यों को खसाब (Khasab) में सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया गया है, और लापता भारतीय नाविक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article