देश

500 रुपये के टिकट ने एक झटके में कर दिया मालामाल, ड्राइवर बलजिंदर की लगी 12 करोड़ की लॉटरी

बलजिंदर सिंह के परिवार में पत्नी,दो बच्चे, पिता और छोटा भाई हैं। लॉटरी जीतने का श्रेय परमात्मा के आशीर्वाद को दिया है। बलजिंदर सिंह का कहना है कि अभी तक लॉटरी की रकम नहीं मिली है।

Image

बलजिंदर सिंह की लगी 12 करोड़ रुपये की लॉटरी।

भगवान और किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए किसी को नहीं पता होता। ऐसा ही कुछ पंजाब के मोहाली के बलजिंदर सिंह के साथ हुआ है। टिप्पर चलाकर अपना और अपने परिवार का गुजारा करने वाले बलजिंदर के साथ अब कुछ ऐसा हुआ है जिसने उनकी जिंदगी ही बदल दी है। बलजिंदर ने 500 रुपये में इस दिवाली बंपर का लॉटरी टिकट लिया था, जो इस बार लॉटरी में लग गया है। 500 रुपये के इस टिकट ने बलजिंदर को 12 करोड़ रुपये का मालिक बना दिया। लॉटरी निकलने की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार ही नहीं पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

डेढ़ दशक से खरीद रहे थे लॉटरी टिकट

बलजिंदर सिंह मोहाली जिले के हमायूंपुर गांव के रहने वाले हैं। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वे टिप्पर चलाते हैं। जानकारी के मुताबिक, बलजिंदर पिछले 15 सालों से लॉटरी का खरीद रहे थे। वे हर साल अपनी किस्मत आजमाते थे, लेकिन इस बार उन्हें उनके सब्र का ऐसा इनाम मिला जिसकी शायद उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। इस बार उन्होंने दिवाली के मौके पर हंडेसरा के लॉटरी विक्रेता आशू गर्ग से 500 रुपये का बंपर टिकट लिया था। टिकट खरीदते समय उन्हें भी दूसरे लोगों की तरह उम्मीद थी कि शायद इस बार कोई इनाम मिल जाए। हालांकि, यह टिकट उनके लिए 12 करोड़ रुपये की खुशखबरी लेकर आएगा, इसका उन्हें अंदाजा नहीं था।

बलजिंदर सिंह के परिवार में पत्नी,दो बच्चे, पिता और छोटा भाई हैं। लॉटरी जीतने का श्रेय परमात्मा के आशीर्वाद को दिया है। बलजिंदर सिंह का कहना है कि अभी तक लॉटरी की रकम नहीं मिली है। वहीं,करोड़ों रुपये मिलने के बाद वह आगे क्या करेंगे और इस रकम को कहां खर्च करेंगे, इसे लेकर अभी कोई योजना तय नहीं की है।

इसी गांव के एक और शख्स की चमकी थी किस्मत

हमायूंपुर गांव का लॉटरी से पुराना नाता भी रहा है। बलजिंदर सिंह से पहले इसी गांव के तरलोचन सिंह को भी लॉटरी में एक करोड़ रुपये का पुरस्कार मिल चुका है। अब बलजिंदर के खाते में 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम आने से गांव में एक बार फिर उनकी किस्मत की चर्चा हो रही है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article