देश

जैसे ही हिमाचल में BJP की सरकार बनेगी, हम 'कॉमन सिविल कोड' लागू करेंगे, अमित शाह ने किया वादा

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Nov 10, 2022, 04:04 PM IST

Himachal Pradesh Assembly Elections 2022 : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता अमित शाह (Amit Shah) ने हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे ही बीजेपी की सरकार बनेगी हम हिमाचल में 'कॉमन सिविल कोड' लागू करेंगे। साथ ही उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

Himachal Pradesh Assembly Elections 2022 : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पालमपुर में रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि हमने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया है कि जैसे ही बीजेपी हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आएगी, हम राज्य में 'कॉमन सिविल कोड' (Common Civil Code) लागू करेंगे। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे सेना के जवान और उनके परिजन 40 साल से 'वन रैंक वन पेंशन' की मांग कर रहे थे। कांग्रेस ने चार-चार पीढ़ियों तक शासन किया, लेकिन इस मांग को पूरा नहीं किया। आपने जब 2014 में मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया, 2015 में मोदी जी ने 'वन रैंक वन पेंशन' देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि पांच साल में हिमाचल के विकास में मोदी जी और जयराम जी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। आईआईटी, एम्स, मेडिकल कॉलेज, एमबीबीएस की सीटों में वृद्धि, रोड या बिजली के कारखाने, हर क्षेत्र में डबल इंजन की सरकार ने विकास कार्यों का इतिहास लिखा है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, वो कहते हैं हिमाचल में एक बार बीजेपी और एक बार कांग्रेस आती है, लेकिन वो जमाना गया। मणिपुर, असम, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में दोबारा बीजेपी की सरकार बनी और अब हिमाचल में भी बार-बार बीजेपी आने वाली है।

शाह ने कहा कि 70 साल से कांग्रेस पार्टी जवाहर लाल नेहरू की गलती धारा 370 को गोद में सहला रही थी। लेकिन आपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और 5 अगस्त 2019 को मोदी जी ने धारा 370 को उखाड़ कर फेंक दिया। और आज हमारा प्यारा कश्मीर देश से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठे वादे करती है, झूठी गारंटी बांटती है। राहुल बाबा, हिमाचल वाले ऐसी गारंटी को नहीं मानते, विकास कार्य को मानते हैं। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में मुफ्त गैस सिलेंडर भेजने का काम किया। घर-घर बिजली पहुंचाने और हर गरीब को घर देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने भूमिपूजन कर दिया है, तेजी से भव्य राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। 2024 में भव्य राम मंदिर दिखाई देगा। कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि राम जन्मभूमि अयोध्या में श्रीराम का मंदिर बने। कांग्रेस हमेशा उलझाए रखती थी और कहती थी मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। राहुल बाबा, अब तिथि बताने की जरूरत नहीं है।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article