'तो 2024 में रायबरेली की सीट भी खाली करवा देंगे', कांग्रेस को स्मृति ईरानी की चुनौती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 26, 2020, 10:04 PM IST

अमेठी दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने सीधी चुनौती देते हुए कहा कि 2024 में रायबरेली की सीट भी खाली करा दी जाएगी।

'तो 2024 में रायबरेली की सीट भी खाली करवा देंगे', कांग्रेस को स्मृति ईरानी की चुनौती
Photo Credit: ANI

अमेठी : केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने शनिवार को यहां कई विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्‍तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ने अमेठी को 79.45 करोड़ रुपये की परियाजोनाओं की सौगात दी तो कांग्रेस पर किसानों की जमीन हड़पने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस को चुनौती देते हुए उन्‍होंने कहा कि अगर बीजेपी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया गया तो 2024 में रायबरेली की सीट भी खाली करा दी जाएगी।

अमेठी के लोगों को संबोधित करते हुए स्‍मृति ईरानी ने कहा कि यहां कमल खिलाने के लिए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत की है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को परेशान किया, उन्‍हें अपमानित किया गया। हालांकि वे जहर का घूंट पीकर अपने काम में लगे रहे। उन्‍होंने अमेठी में गांधी परिवार को चुनौती दी और यहां के लोगों ने उन्‍हें अपनाया।

कांग्रेस को चुनौती

बीजेपी की वरिष्‍ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज के नाम पर जमीन हड़प ली। कांग्रेस के सांसदों ने गरीब किसानों तक पैसा नहीं पहुंचने दिया। उन्‍होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, 'कांग्रेस कान खोल कर सुन ले, क्षेत्र की जनता प्रताड़ित नहीं होना चाहती और अगर भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित या अपमानित करने का दुस्साहस करोगे तो याद रखो 2024 में रायबरेली की भी सीट खाली करवा देंगे।'

यहां उल्‍लेखनीय है कि रायबरेली से कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं। यूपी में रायबरेली और अमेठी को गांधी परिवार का गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन 2019 के चुनाव में अमेठी में बड़ा उलटफेर हुआ, जब स्‍मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराकर यह सीट जीत ली। 2019 के चुनाव में यूपी में कांग्रेस को महज एक सीट रायबरेली से जीत हासिल हुई थी, जिसे सोनिया गांधी ने जीता था।

End of Article