नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद साक्षी महाराज ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस की हत्या कराई। उन्नाव में एक रैली को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा, 'मेरा आरोप है कि कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस की हत्या करवा दी। न तो महात्मा गांधी और न ही पंडित नेहरू उनकी लोकप्रियता के सामने टिक सके।'
बीजेपी के सांसद ने कहा, 'सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में एक प्रमुख भूमिका निभाई। उनकी मृत्यु अभी भी एक रहस्य क्यों है? पंडित नेहरू ने कोई जांच क्यों नहीं की? उनकी मृत्यु के बारे में सच्चाई सामने आनी ही चाहिए।' साक्षी महाराज का यह बयान 23 जनवरी का है। इस दिन राष्ट्र बोस की 125वीं जयंती मना रहा था।
कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे बोस
खून के बदले आजादी देने का वादा करने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा है। 23 जनवरी 1897 को उड़ीसा के कटक में एक संपन्न बांग्ला परिवार में जन्मे सुभाष अपने देश के लिए हर हाल में आजादी चाहते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के नाम कर दिया और अंतिम सांस तक देश की आजादी के लिए संघर्ष करते रहे। नेताजी हर कीमत पर मां भारती को आजादी की बेड़ियों से मुक्त कराने को आतुर देश के उग्र विचारधारा वाले युवा वर्ग का चेहरा माने जाते थे। वह कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे। देश की स्वतंत्रता के इतिहास के महानायक बोस का जीवन और उनकी मृत्यु भले ही रहस्यमय मानी जाती रही हो, लेकिन उनकी देशभक्ति सदा सर्वदा असंदिग्ध और अनुकरणीय रही।
18 अगस्त, 1945 को ताइपे में एक विमान दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। आजाद हिंद फौज के उनके वफादार अनुयायियों सहित कई लोग इस विमान दुर्घटना थ्योरी में कभी विश्वास नहीं करते। 2017 में केंद्र सरकार ने (सूचना का अधिकार अधिनियम) आरटीआई में पुष्टि की थी कि उनकी वास्तव में घटना में मृत्यु हो गई थी।
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.