दुनिया

मिशिगन में अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान क्रैश, 1 मील इलाके को खाली करने का आदेश, पायलट अस्पताल में भर्ती

अमेरिका के मिशिगन में टेक्सस एयर नेशनल गार्ड का F-16 फाइटर जेट रूटीन ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हो गया। पायलट ने समय रहते एजेक्ट कर अपनी जान बचाई। जहरीले केमिकल रिसाव के खतरे को देखते हुए 1 मील का इलाका खाली कराया गया है।

Image

टेक्सस एयर नेशनल गार्ड का F-16 जेट मिशिगन में गिरा (सांकेतिक चित्र)

Photo : AP

अमेरिका के मिशिगन राज्य में गुरुवार को एक बड़ा सैन्य हादसा सामने आया है। टेक्सस एयर नेशनल गार्ड का एक F-16 फाइटर जेट रूटीन ट्रेनिंग सॉर्टी के दौरान मिशिगन के ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। हादसे से ठीक पहले विमान उड़ा रहे पायलट ने ऐन मौके पर जेट से सफलता पूर्वक एजेक्ट कर लिया। पायलट को चोटें आई हैं और उसे तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

खतरनाक रसायनों का रिसाव, 1 मील के दायरे में निकासी का आदेश

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मिशिगन स्टेट पुलिस और ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ कार्यालय की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विमान के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और दूर से ही काला धुआं उड़ता हुआ देखा गया। फाइटर जेट में मौजूद खतरनाक रसायनों के रिसाव के कारण अधिकारियों ने एहतियातन क्रैश साइट के 1 मील के दायरे में रहने वाले नागरिकों को तुरंत इलाका खाली करने का आदेश दिया। इससे पहले प्रशासन ने काउंटी रोड 633 और ब्लेयर टाउनहॉल रोड के आसपास के निवासियों को अपने घरों में रहने और खिड़कियां व दरवाजे पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए थे।

बर्ड स्ट्राइक की आशंका, जांच के आदेश

टेक्सस मिलिट्री डिपार्टमेंट के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त F-16 फाइटर जेट 149वें फाइटर विंग द्वारा संचालित किया जा रहा था, जिसने अल्पेना स्थित कॉम्बैट रेडिनेस ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के ऑडियो संदेशों से संकेत मिला है कि दुर्घटना से ठीक पहले फाइटर जेट किसी पक्षी से टकराया हो सकता है। हालांकि, सैन्य अधिकारियों ने अभी तक बर्ड स्ट्राइक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article