विकास कार्यों पर कांग्रेस नेता काजी ने उठाए सवाल तो हरक सिंह रावत बोले-ये लोग आंकड़ेबाज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2021, 03:53 PM IST

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand Conclave: कांग्रेस नेता काजी निजामुद्दीन ने हरीश रावत सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई थी।

विकास कार्यों पर कांग्रेस नेता काजी ने उठाए सवाल तो हरक सिंह रावत बोले-ये लोग आंकड़ेबाज

Times Now Navbharat Navnirman Manch Uttarakhand Conclave : उत्तराखंड में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और अपनी-अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। इस बार आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में है। राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा और कांग्रेस की नीतियों एवं उपलब्धियों पर 'नवभारत नवनिर्माण मंच उत्तराखंड' में चर्चा हुई। इस चर्चा में उत्तराखंड सरकार की तरफ से वन मंत्री हरक सिंह रावत और कांग्रेस की ओर से कांग्रेस के सचिव काजी निजामुद्दीन शामिल हुए। दोनों नेताओं ने राज्य के विकास के लिए अपनी सरकारों की ओर से किए गए कार्यों का जिक्र किया और एक-दूसरे दावों पर सवाल खड़े किए। 

हरक सिंह रावत ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
चर्चा के पहले हिस्से में हरक सिंह रावत ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं , इस पर काजी निजामुद्दीन ने सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के पास गिनाने के लिए तीन उपलब्धियां भी नहीं हैं। सरकार ने लोकायुक्त लाने की बात कही थी लेकिन लोकायुक्त की नियुक्ति करने वाला विधेयक के बारे में कोई जानकारी नहीं है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की बात की थी। बेरोजगारी दर जम्मू कश्मीर के बाद उत्तराखंड में दूसरे स्थान पर है। कोविड संकट के दौरान ऑक्सीजन एवं वेंटिलेटर नहीं था। 

हमारी सरकार में प्रतिव्यक्ति आय दोगुनी हुई-काजी
काजी ने हरीश रावत सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान उत्तराखंड में प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो गई थी। इसे हमने करके दिखाया। हम हर मोर्चे पर उत्तराखंड का विकास करेंगे। हम केवल नीतियां नहीं बनाएंगे बल्कि धरातल पर काम करेंगे। भाजपा ने नीतियां बनाईं लेकिन उन्हें लागू नहीं किया। हम अपने विकास के एजेंडे पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा सरकार को घेरते हुए काजी ने कहा कि राज्य में 600 नहरें बंद हैं। राज्य का सिंचाई विभाग ठप पड़ा है। असिंचित भूमि बढ़ती जा रही है।

पहाड़ों से पलायन के लिए सिर्फ सड़कें, पेयजल और बिजली जिम्मेदार नहीं- हरक सिंह रावत


ये लोग आंकड़ेबाज हैं
कांग्रेस नेता को जवाब देते हुए वन मंत्री रावत ने कहा कि ये लोग आंकड़ेबाज हैं। हरीश रावत ने कई योजनाएं चलाईं लेकिन वे धरातल पर नहीं उतर पाईं। रावत का मॉडल चुनाव में हार गया। वे खुद दोनों जगहों से चुनाव हार गए। 

'नवभारत नवनिर्माण मंच' में बोले प्रसून जोशी- पहाड़ में प्रत‍िभाओं का भंडार, लेक‍िन मंच और अवसर नहीं


क्या AAP को मिलेगा फायदा?
टाइम्स नाउ नवभारत की न्यूज एडिटर मिनाक्षी कंडवाल के इस सवाल पर कि क्या भाजपा और कांग्रेस की राजनीतिक लड़ाई का फायदा आम आदमी पार्टी को मिलेगा? क्योंकि केजरीवाल का आरोप है कि भाजपा एवं कांग्रेस ने 20 साल तक राज्य को लूटा है। इस पर कांग्रेस नेता काजी ने कहा कि केजरीवाल पहले अपनी दिल्ली को ठीक करें। दिल्ली के स्कूलों में लगभग एक लाख 25 हजार छात्र कम हुए हैं। यह पूछने पर कि क्या चुनाव में हरीश रावत सीएम पद का चेहरा होंगे, काजी ने इस सवाल का जवाब सीधे तौर पर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हम एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमारी पार्टी में लोकतंत्र है। कांग्रेस सोच समझकर अपना सीएम बनाएगी। हम पांच साल के लिए सीएम बनाएंगे।

End of Article