Presidential Elections: आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी द्रौपदी मुर्मू , पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 24, 2022, 08:25 AM IST

राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान पीएम मोदी समेत तमाम नेता मौजूद रहेंगे।

Presidential Elections: आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी द्रौपदी मुर्मू , पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

President Election: द्रौपदी मुर्मू आज दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगी। बीजेपी ने इस मौके को भव्य बनाने की पूरी तैयारी की है। NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के नामांकन में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और मुर्मू के पहले प्रस्तावक भी होंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री, राज्यों के सीएम और सीनियर नेता मौजूद होंगे।

बीजेडी का भी मिला समर्थन

नामांकन दाखिल करने से पहले द्रौपदी मुर्मू को नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल का भी समर्थन मिल गया है। BJD सरकार के दो मंत्रियों जगन्नाथ सारका और टुकुनी साहू ने मुर्मू के नॉमिनेशन पेपर पर हस्ताक्षर किए। ये दोनों नामांकन के दौरान भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली पहुंचीं द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है।

आज नामांकन दाखिल करने के बाद मुर्मू अपना चुनावी अभियान आरंभ करेंगी। वह देश भर का दौरा कर विभिन्न राजनीति दलों के नेताओं से मुलाकात कर चुनाव में समर्थन की गुजारिश करेंगी। आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो मुर्मू की जीत की संभावना प्रबल है। यदि वह जीत जाती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।

गुरुवार को पहुंची थी दिल्ली

इससे पहले राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को अपने गृह राज्य ओडिशा से दिल्ली पहुंचीं और शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से भेंट की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए मुर्मू की उम्मीदवारी की देश भर में तथा समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है।

End of Article