घर में फांसी के फंदे से लटका मिला येदियुरप्पा की पोती का शव, 2 साल पहले हुई थी शादी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2022, 02:52 PM IST

भाजपा के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की पोती सौन्दर्या का शव उनके घर पर फांसी के फंदे पर झूलता हुआ पाया गया है।

घर में फांसी के फंदे से लटका मिला येदियुरप्पा की पोती का शव, 2 साल पहले हुई थी शादी

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की पोती का शव उनके घर पर फांसी के फंदे से झूलता मिला है। बेंगलुरु स्थित आवास पर उनकी पोती का शव मिला है। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर कुछ और। जैसे ही उनका शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर थी सौन्दर्या

सौन्दर्या पेशे से डॉक्टर थीं और सेंट्रल बेंगलुरु के बंसतनगर स्थित अपने फ्लैट में रह रही थीं। सौंदर्या का चार महीने का बच्चा है। सूत्रों की मानें तो उसमें गर्भावस्था के बाद के अवसाद के लक्षण दिखाए थे।  सौंदर्या नीरज बेंगलुरु के एम. एस रमैय्या अस्पताल में डॉक्टर थीं। 2019 में उनकी शादी डॉक्टर नीरज से हुई थी। घटना का पता तब चला जब सुबह करीब 10 बजे  घर के नौकर ने बार-बार दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

नौकर ने खटखटाया था दरवाजा

इसके बाद किसी अनहोनी की आशंका के चलते नौकर ने डॉ नीरज को फोन किया। नीरज ने दरवाजा खोला तो देखा कि सौंदर्या बेडरूम में पंखे से लटकी हुई है। 30 साल की सौन्दर्या का शव तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को बॉरिंग अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया साक्ष्य इसे आत्महत्या का मामला बता रहे हैं।

अस्पताल पहुंच रहे हैं तमाम बीजेपी नेता

सौंदर्या येदियुरप्पा की पहली बेटी पद्मा की बेटी थीं, जो परिवार में सबसे बड़ी थीं। इस खबर को सुनकर उनके परिवार और प्रदेश भाजपा के तमाम नेता सकते में हैं। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ भाजपा के दिग्गज नेता को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे है। अब तक जो खबर मिली है उसके मुताबिक घर पर किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

End of Article