शहर

Gandhinagar News: गंदगी और खराब हाइजीन पर Blinkit स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड, 14 हॉस्टल-कैंटीन की हुई जांच,

Gandhinagar News: गांधीनगर में खाद्य सुरक्षा को लेकर महानगरपालिका ने बड़ी कार्रवाई की है। रायसण स्थित Blinkit स्टोर में गंदगी, खराब सैनिटेशन और खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण जैसी कमियां मिलने पर फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया और स्टोर बंद करा दिया गया। वहीं, शहर के 14 हॉस्टल और कैंटीन की जांच के दौरान 34 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

Image

गांधीनगर में Blinkit स्टोर पर बड़ी कार्रवाई

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gandhinagar News: गांधीनगर महानगरपालिका की फूड सेफ्टी शाखा ने शिकायत के आधार पर रायसण स्थित Blinkit स्टोर की जांच के बाद उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। निरीक्षण के दौरान स्टोर में गंदगी, खराब सैनिटेशन और हाइजीन की कमियां मिलने के साथ खाद्य सामग्री के अनुचित भंडारण की बात सामने आई। स्टोर को बंद भी कराया गया है। महानगरपालिका के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत स्टोर का विशेष निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ सैनिटेशन और हाइजीन की स्थिति की जांच की गई।

स्टोर की सैनिटेशन और हाइजीन कंडीशन संतोषजनक नहीं मिली

निरीक्षण में स्टोर की सैनिटेशन और हाइजीन कंडीशन संतोषजनक नहीं मिली। परिसर में गंदगी थी और खाद्य सामग्री का स्टोरेज भी उचित तरीके से नहीं किया गया था। स्टोर की दीवारों पर मकड़ी के जाले भी पाए गए। ग्राहकों को डिलीवरी की जाने वाली खाद्य सामग्री गंदे और बिना उचित सफाई वाले रैक पर रखी मिली। इन कमियों के चलते फूड सेफ्टी शाखा ने स्टोर को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया और उसका फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। स्टोर को बंद भी कराया गया। महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि नोटिस की अवधि में सुधार नहीं मिलने पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस को स्थायी रूप से रद्द करने तक की कार्रवाई शामिल हो सकती है।

14 हॉस्टल और कैंटीन की जांच

हॉस्टल की रसोई और कैंटीन की जांच के लिए चल रहे विशेष अभियान के तहत गांधीनगर में कुल 14 संस्थानों की हॉस्टल कैंटीन की जांच की गई। इनमें यूथ हॉस्टल गीता रेजीडेंसी रायसण, GIDM रायसण की कैंटीन, सौराष्ट्र कड़वा पाटीदार समाज हॉस्टल, EDI भाट की कैंटीन, आदर्श निवासी स्कूल, NID गांधीनगर, उत्कर्ष हॉस्टल, अन्नपूर्णा धाम हॉस्टल, IAR की कैंटीन, कड़ी सर्व विद्यायलय की कैंटीन, NIFT कैंपस की कैंटीन और DAIICT कैंपस समेत अन्य संस्थान शामिल हैं। यूथ हॉस्टल गीता रेजीडेंसी रायसण में सैनिटेशन और हाइजीन की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। तय अवधि में सुधार नहीं मिलने पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

34 फूड सैंपल लिए गए

विभिन्न हॉस्टल और कैंटीन से खाद्य सामग्री के कुल 34 नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महानगरपालिका ने सभी संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यप्रद भोजन उपलब्ध कराने तथा फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और उसके तहत लागू सभी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

किचन स्टाफ के लिए भी निर्देश

गांधीनगर महानगरपालिका ने शहर के सभी हॉस्टल और कैंटीन संचालकों को निर्देश दिया है कि किचन में काम करने और खाना परोसने वाले फूड बिजनेस ऑपरेटर कैप, एप्रन और ग्लव्स अनिवार्य रूप से पहनें। तैयार खाद्य सामग्री में किसी भी तरह के रंग का इस्तेमाल नहीं करने और खाद्य सामग्री के लिए न्यूजपेपर का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पेरिशेबल यानी जल्दी खराब होने वाली खाद्य सामग्री को उचित तापमान पर, साफ-सुथरी जगह में स्टोर करने और व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। महानगरपालिका ने कहा है कि शहर में यह जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट को स्थायी रूप से सस्पेंड या रद्द करने सहित फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांधीनगर महानगरपालिका ने कहा कि शहर के नागरिकों को शुद्ध, स्वास्थ्यप्रद और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए फूड सेफ्टी शाखा लगातार कार्रवाई कर रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article