देश

'महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी', दिल्ली में गैंगरेप-हत्या मामले को लेकर अमित शाह पर बरसे राहुल गांधी

Delhi Gangrape-Murder: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Delhi Gangrape-Murder: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

किशोरी के साथ गैंगरेप के बाद हत्या

दिल्ली में टेंपो में सवार होकर साथ गई 17 वर्षीय लड़की के साथ तीन नाबालिगों सहित चार लोगों ने कथित तौर पर गैंगरपे किया, चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी और शव को खुले खेत में फेंक दिया। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में बवाल मचा हुआ है।

'दरिदों ने खुले मैदान में फेंका शव'

राहुल गांधी ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रायबरेली सांसद ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली में 17 साल की युवती के साथ गैंगरेप हुआ, उसकी हत्या कर शव खुले मैदान में फेंक दिया गया। राजधानी में इतनी बड़ी दरिंदगी और पुलिस को कई दिनों तक भनक नहीं लगती। दुर्भाग्य है कि दिल्ली आज राजधानी नहीं, महिलाओं के लिए हर दिन की खौफनाक कहानी बनकर रह गई है।''

उन्होंने आगे कहा, ''अमित शाह जी, दिल्ली पुलिस आपके अधीन है। महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? या दिल्ली पुलिस का काम सिर्फ आम नागरिकों को डराना-धमकाना रह गया है? क्योंकि अपराधी तो बेखौफ घूम रहे हैं। दरिंदों की तत्काल गिरफ्तारी हो, कड़ी कार्रवाई और सज़ा मिले, और इस आपराधिक गैर-जिम्मेदारी की जवाबदेही तय हो। महिलाओं की सुरक्षा के बिना भारत आगे नहीं बढ़ सकता।''

क्षत-विक्षत शव बरामद

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि शव इस हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था कि तत्काल उसके लिंग का भी पता नहीं चल सका। बकौल पुलिस के अनुसार, लड़की और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। उन्होंने कथित तौर पर एक टेंपो के भीतर एक साथ शराब पी, जिसके बाद लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया और फिर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि लड़की का क्षत-विक्षत शव 13 सितंबर को कुशक रोड स्थित जयपाल राणा के खेत के पास मिला था। शव के कुछ हिस्सों को आवारा कुत्तों ने खा लिया था और उसका एक हाथ शरीर से अलग पाया गया था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article