पुदुचेरी: पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही चुनाव प्रचार अभियान भी तेज हो गया है। कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे पर हमलावर हैं। इस बीच आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कराईकल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पुदुचेरी की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने 15,000 करोड़ रुपए की केंद्रीय निधियों से ‘गांधी परिवार’ को ‘कट मनी’ दी।
राहुल गांधी पर तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मत्स्य पालन मंत्रालय वाले बयान पर चुटकी लेते हुए अमित शाह ने कहा कि कि कांग्रेस नेता 'छुट्टी' पर थे और एनडीए ने साल 2019 में ही इसका गठन कर दिया था। उन्होंने कहा, 'मैं पुदुचेरी की जनता को पूछना चाहता हूं। जिस पार्टी के नेता चार टर्म से लोकसभा में है, उसको ये भी मालूम नहीं है कि दो साल से देश में मत्स्य पालन विभाग शुरू हो चुका है। वो पार्टी पुदुचेरी का कल्याण कर सकती है?मत्स्य पालन के महत्वपूर्ण इंफ्रस्ट्रक्चर की खामियों को दूर करने के लिए मोदी सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपये का बजट दिया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा हमारे पुदुचेरी को मिलने वाला है।'
पुदुचेरी में बनेगी बीजेपी की सरकार
शाह ने कहा, 'अपने राजनीतिक अनुभव के आधार पर मैं कहता हूं कि अगले चुनाव में पुदुचेरी में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से हम प्रयासशील थे कि पुदुचेरी पूरे देश में मॉडल राज्य बने। प्रधानमंत्री जी ने 115 ये ज्यादा योजनाएं यहां के लिए भेजकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कदम बढ़ाए। लेकिन यहां की सरकार ने इन योजनाओं को जमीन पर उतरने नहीं दिया। कांग्रेस आरोप लगा रही है कि भाजपा ने उनकी सरकार को यहां गिराया। अरे, आपने मुख्यमंत्री ऐसा व्यक्ति बनाया था जो अपने सर्वोच्च नेता के सामने ट्रांसलेशन में भी झूठ बोले, ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया गया।'
कांग्रेस ने नहीं होने दिए स्थानीय चुनाव
अमित शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, 'स्थानीय निकाय के चुनाव लोकतंत्र में बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। आप बताइये ये चुनाव होने चाहिए या नहीं? लेकिन यहां 14 वर्षों से हाईकोर्ट के कहने के बाद भी निकाय चुनाव नहीं हुए। क्योंकि उन्हें डर था कि चुनाव हुआ तो भाजपा का कमल यहां खिल जाएगा। नरेन्द्र मोदी जी की केंद्र सरकार ने पुदुचेरी के विकास के लिए ढेर सारे काम किए हैं। पुदुचेरी के अंदर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना के तहत बेंगलुरु और हैदराबाद से पुदुचेरी को जोड़ा गया है।'
India News in Hindi (इंडिया न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Network Hindi पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें.