कराची:दुनिया की सबसे महिला क्रिकेट खिलाड़ियों में शुमार रहीं पाकिस्तान की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने अचानक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। कायनात ये फैसला महज 34 साल की उम्र मेंअपनी मां के नक्श-ए-कदम पर चलने के लिए किया है। कायनात की मां सलीमा इम्तियाज एक अंपायर हैं और पिछले तकरीबन 15 सालों से वो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अंपायरिंग कर रही हैं। बेटी कायनात को मां ने ही क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया था। अब वो मां के रास्ते पर चलकर क्रिकेट में मैच रेफरी की भूमिका निभाना चाहती हैं।
हाल की एक टूर्नामेंट में अदा की थी मैच रेफरी की भूमिका
कायनात इम्तियाज ने हाल ही में पाकिस्तान में कराची में आयोजित हुए पीसीबी नेशनल विमेंस अंडर-19 टी20 टूर्नामेंट में मैच ऑफिशियल की भूमिका अदा की थी। ऐसे में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने के बाद मैच ऑफिशियल के तौर पर अपने क्रिकेट करियर को नई दिशा देने का फैसला किया है।
2023 में खेला था पाकिस्तान के लिए आखिरी मैच
कायनात ने अक्तूबर 2010 में पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। साल 2023 में वो पाकिस्तान के लिए आखिरी बार खेलती नजर आईं। तकरीबन 13 साल लंबे क्रिकेट करियर में उन्होंने पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के लिए 19 वनडे और 16 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले थे।कायनात के खेल से ज्यादा उनकी खूबसूरती की चर्चा क्रिकेट के गलियारों में हुई। उनका नाम दुनिया की सबसे खूबसूरत महिला क्रिकेटरों की सूची में हमेशा शुमार रहा। तीन साल पहले पाकिस्तान के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद उन्होंने ब्रॉडकास्टर, प्रेजेंटर और कमेंटेटर के तौर पर काम करना शुरू किया था। लेकिन अब उन्होंने संन्यास का ऐलान करने के बाद एक नई दिशा में करियर को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
मां की तरह बनेंगी मैच ऑफीशियल
कायनात की मां सलीमा इम्तियाज ने आईसीसी के इंटरनेशनल डेवलपमेंट पैनल में शामिल होने वाली पहली पाकिस्तानी महिला अंपायर बनकर इतिहास रचा था। उन्होंने अपने करियर में 9 वनडे और 69 टी20आई मैचों में अंपायरिंग की है। कायनात पाकिस्तान की दूसरी पूर्व महिला क्रिकेटर हैं जिन्होंने मैच ऑफीशियल बनने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इससे पहले ऐमन अनवर ने भी अगस्त में मैच ऑफीशियल के रूप में करियर शुरू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया था।
