शहर

पंजाब कांग्रेस की कमान संभालने से पहले पूर्व PM मनमोहन सिंह के घर क्यों पहुंचे परगट सिंह?

Pargat Singh Meets Manmohan Singh Wife: पंजाब कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह ने दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से उनके आवास पर मुलाकात की। पंजाब जाने से पहले उन्होंने पूर्व पीएम के योगदान और सिद्धांतों को याद करते हुए आशीर्वाद लिया।

Image

राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद परगट सिंह को मिली पंजाब की कमान

Photo : ANI

Pargat Singh Meets Manmohan Singh Wife: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह ने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत से पहले दिल्ली में एक अहम मुलाकात की। पंजाब रवाना होने से ठीक पहले वे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे और उनकी धर्मपत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए परगट सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अभूतपूर्व योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह केवल पंजाब के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के एक महान व्यक्तित्व थे। उन्होंने न सिर्फ भारत की अर्थव्यवस्था को एक मजबूत दिशा दी, बल्कि पूरी दुनिया में इंसानियत, ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों की नई मिसाल कायम की।

राजेंद्र पाल गौतम से भी की मुलाकात

परगट सिंह ने कहा कि पंजाब की जमीन पर कदम रखने से पहले उनके परिवार की दुआएं और आशीर्वाद लेना उनके लिए बेहद जरूरी था। इसके साथ ही उन्होंने देश की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व पीएम ने जिन लोकतांत्रिक संस्थाओं को सींचकर खड़ा किया था, आज का राजनीतिक तंत्र उन्हें कमजोर करने में लगा हुआ है।

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कुर्सी खाली

अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय (AICC) में पार्टी के एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम से भी खास मुलाकात की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बैठक की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि संगठन को धरातल पर मजबूत करने और समाज के हर वर्ग के अधिकारों, सम्मान और समानता के लिए काम करने पर सार्थक चर्चा हुई है।

आपको बता दें कि कांग्रेस आलाकमान ने शुक्रवार को अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के स्थान पर परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस की नई कमान सौंपी है। एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जिम्मेदारी मिलने पर परगट सिंह ने आलाकमान का आभार जताते हुए कहा कि वे जल्द ही राहुल गांधी से मिलकर आगामी दिशा-निर्देश प्राप्त करेंगे और पंजाब में पार्टी को फिर से मजबूत बनाकर सरकार बनाने का काम करेंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article