Yu Zidi MVP: आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स का समापन भले ही कुछ लॉजिस्टिक अव्यवस्थाओं के बीच हुआ हो, लेकिन इस गेम्स ने दुनिया को दो नए सुपरस्टार दिए हैं। 13 साल की चीनी स्विमिंग सनसनी यू जिडी और 20 साल के थाई स्प्रिंटर पुरीपोल बूनसन को एशियन गेम्स 2026 का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया है। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने रविवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में समापन समारोह के दौरान इसका ऐलान किया।
एशियन गेम्स की मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर
13 साल की यू जिडी इस अवॉर्ड को जीतने वाली सबसे कम उम्र की एथलीट बन गई हैं। उन्होंने अकेले स्विमिंग में 3 व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। यू ने महिलाओं की 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले और 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में गोल्ड जीते और इस दौरान 3 गेम्स रिकॉर्ड और 1 एशियन रिकॉर्ड तोड़ा। उनका रिकॉर्डतोड़ सफर 20 सितंबर को शुरू हुआ जब उन्होंने 200 मीटर बटरफ्लाई में 2:05.08 का समय निकालकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। अगले ही दिन 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में उन्होंने 2:06.10 का समय लेकर न सिर्फ गेम्स रिकॉर्ड बल्कि एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। यह दुनिया में दूसरा सबसे तेज समय था, जिससे अब LA 2028 ओलंपिक में कनाडा की वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर समर मैकिंटोश के साथ उनकी टक्कर तय मानी जा रही है। उन्होंने 23 सितंबर को 400 मीटर मेडले में 4:28.56 के साथ गोल्ड की हैट्रिक पूरी की, जो एक और गेम्स रिकॉर्ड था।
पुरुष कटेगरी में थाईलैंड के खिलाड़ी ने जीता MVP
यू जिडी को फीमेल MVP चुना गया, जबकि पुरुषों में यह अवॉर्ड थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन को मिला। 20 साल के पुरीपोल ने एथलेटिक्स में 100 मीटर और 200 मीटर में गोल्ड जीतकर डबल किया और थाईलैंड के लिए हीरो बन गए। वह भी 3 मेडल जीतकर गेम्स के सबसे बड़े स्टार बने। दोनों खिलाड़ियों को OCA की तरफ से 25,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 24 लाख रुपये का इनाम मिलेगा। वे अब उस लीजेंड लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिसमें कोसुके किताजिमा (2002, 2014), पार्क ताए-ह्वान (2006), लिन डैन (2010), रिकाको इकी (2018) और झांग युफेई और किन हैयांग (2023) जैसे नाम हैं।
झांग झानशुओ ने अकेले जीते 7 गोल्ड
इस बार एशियन गेम्स में कुल 17,000 एथलीट और अधिकारी शामिल हुए, जो पेरिस ओलंपिक से भी ज्यादा थे। 469 गोल्ड मेडल इवेंट टोक्यो से ओसाका तक हुए। आयोजन में कमियां रहीं लेकिन टीनएज टाइटन्स ने इसे यादगार बना दिया। चीन के 19 साल के झांग झानशुओ 7 गोल्ड जीतने वाले पहले तैराक बने, जबकि जापान के 17 साल के शिन ओहाशी ने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा।
