Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड में केदारनाथसे आ रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार केदारनाथ से लौट रहा यह हेलीकॉप्टर गौरीकुंड में लापता हो गया है। जिसके बाद इसके गौरीकुंड के जंगलों में क्रैश होने की सूचना मिली। उसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हेलीकॉप्टर में सवार यात्री उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के हैं।
सात लोगों की मौत
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने पीटीआई को बताया कि यह दुर्घटना गौरीकुंड के जंगलों के ऊपर हुई। इस दुर्घटना में मरने वालों में पायलट और एक शिशु भी शामिल है। उन्होंने बताया कि सुबह लगभग साढ़े पांच बजे हेलीकॉप्टर ने केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए उड़ान भरी और अचानक यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया । रजवार ने कहा कि ऐसा अनुमान है कि खराब मौसम के कारण दृश्यता कम होने की वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव दल भेजे गये हैं।
सीएम ने बोला- बचाव कार्य जारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा कि हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुखद समाचार मिला है और राज्य आपदा प्रतिवादन बल सहित अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
पहले भी हुआ था एक हेलीकॉप्टर क्रैश
इससे पहले, आठ मई को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री धाम जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें छह लोगों की मौत हो गयी थी । सात जून को भी केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर को उड़ान भरते ही तकनीकी खराबी आ जाने के कारण सड़क पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी जिसमें पायलट को चोटें आयीं थी लेकिन उसमें सवार पांच श्रद्धालु सुरक्षित बच गए थे।
पीएम मोदी ने की सीएम धामी से बात
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में हुए दुखद हेलीकॉप्टर हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। आज केदारनाथ सेक्टर में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।
